logo

पुलिस ने किया 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार, मुंशी की हत्या में थे शामिल

6612news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार : 
पुलिस प्रशासन लगातार राज्य को नक्सल मुक्त बनाने में जुटी हुई है। इसी के झारखंड जनमुक्ति परिषद उग्रवादी संगठन से संबंध रखने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।  पुलिस का दावा है कि चारों जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के सदस्य हैं। गिरफ्तार लोगों में सदर प्रखंड के तरवाडीह पंचायत के मुखिया जुलेश्वर लोहरा भी शामिल है। जुलेश्वर जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के सुप्रीमो पप्पू लोहरा का भाई है। 

मुख्य आरोपी सहित इन लोगों को किया गिरफ्तार
इसके अलावा गिरफ्तार लोगों में पप्पू लोहरा का छोटा भाई रविंद्र लोहरा, पप्पू लोहरा का साला अमित लोहरा और एक अन्य उग्रवादी शामिल है। सभी लातेहार के रहने वाले हैं। बता दें कि आरोपियों के साथ-साथ हथियार भी बरामद किया गया है। एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि घटना के बाद सभी लोग रांची भाग गए थे। एसआईटी की टीम ने छानबीन के दौरान रांची पुलिस की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक देशी पिस्तौल और कुछ गोलियां भी बरामद हुई। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में इन चारों की भूमिका थी। पुलिस छानबीन में जुटी है। 

लेवी को लेकर हत्याकांड को दिया था अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को जेजेएमपी के उग्रवादियों ने सदर थाना क्षेत्र के कोने गांव निवासी विष्णु देव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ये हत्याकांड पुल निर्माण में लेवी नहीं देने के कारण की गई थी। विष्णु देव सिंह पुल निर्माण में मुंशी का कार्य करता था। लेवी मांगने के दौरान उग्रवादियों से उसकी कहासुनी हो गई थी। इसी मामले को लेकर 12 मार्च को उसकी हत्या कर दी गई थी। पूरे मामले की जांच के लिए लातेहार एसपी प्रशांत आनंद के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था।
टीम के सदस्यों ने पूरे मामले की छानबीन के दौरान रांची के अरगोड़ा और पुनदाग थाना क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।