द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर के लिए राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई जमीन में घोटाले का आरोप लगाया है। संजय सिंह का आरोप है कि ट्रस्ट ने 2 करोड़ की जमीन 18.5 करोड़ में खरीदी। उन्होंने दावा किया है कि दोनों लेन-देन 10 मिनट के भीतर किए गए थे। सिंह का दावा है कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इशारे पर लेन-देन किया गया था ।
10 मिनट के अंदर 2 करोड़ से 18.5 करोड़ की हुई जमीन
हालांकि, AAP नेता ने दावा किया कि ‘10 मिनट के अंदर सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी और राम जन्मभूमि ट्रस्ट के बीच एक दूसरे बिक्री समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें ट्रस्ट ने जमीन का टुकड़ा 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा। इसमें से 17 करोड़ रुपये का भुगतान आरटीजीएस मोड के माध्यम से किया गया था। सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- “दुनिया में कहीं भी, जमीन की कीमत सिर्फ 10 मिनट में इतनी नहीं बढ़ती है.”। संजय ने कहा, 'मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के नाम पर इतना बड़ा घोटाला सुनकर आपके पैरों के नीचे जमीन खिसक जाएगी। ये देश के करोड़ों लोगों की आस्था पर आघात है। मोदी जी ED-CBI से जांच कराकर घोटाले बाजों को जेल में डालो।