logo

कोरोना की दूसरी लहर के लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार, अधिकारियों पर लगे हत्या का आरोप- मद्रास हाईकोर्ट

कोरोना की दूसरी लहर के लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार, अधिकारियों पर लगे हत्या का आरोप- मद्रास हाईकोर्ट
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो चली है। रोजाना साढ़े तीन लाख से ज्यादा नए कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। रोजाना मौत का आंकड़ा तीन हजार तक पहुंचने लगा है। ऐसे में मद्रास हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए चुनाव आयोग पर तल्ख टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि भारत में कोरोना की दूसरी लहर के लिए केवल और केवल चुनाव आयोग जिम्मेदार है। चीफ जस्टिस संजीब बनर्जी ने कहा चुनाव आयोग के अधिकारियों पर हत्या का आरोप लगना चाहिये।

मद्रास हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को लगाई लताड़
मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीब बनर्जी ने कोरोना महामारी के बीच चुनावी रैलियों की इजाजत देने के लिए चुनाव आयोग की तीखी आलोचना की। चुनाव आयोग की तरफ से पेश हुए वकील से मुख्य न्यायाधीश संजीब बनर्जी ने कहा कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद चुनाव प्रचार के दौरान फेसमास्क और सैनिटाइजर सहित सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को पूरी तरह लागू नहीं किया गया। चीफ जस्टिस ने चुनाव आयोग से पूछा कि जब चुनावी रैलियां हो रही थीं तब क्या आप दूसरी ग्रह पर थे। पार्टियों के खिलाफ सख्त एक्शन क्यों नहीं लिया गया। 

मतगणना के दिन कैसे गाइडलाइन का पालन होगा
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि चुनाव आयोग इस बात की पूरी योजना कोर्ट के सामने पेश करे कि मतगणना वाले दिन कैसे कोविड गाइडलाइन्स का पालन किया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि यदि आदेश का पालन नहीं हुआ तो मगणना पर रोक लगाई जा सकती है। चीफ जस्टिस संजीब बनर्जी के नेतृत्व में गठित दो जजों की बेंच ने चुनाव आयोग को आदेश दिया कि वे राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी और स्वास्थ्य सचिव के साथ चर्चा करें। मतगणना के दिन कोविड प्रोटोकॉल का नियम बनायें। कोर्ट ने इसके लिए चुनाव आयोग को केवल 30 अप्रैल तक का वक्त दिया। 

पांच राज्यों में चुनाव से बिगड़े हैं संक्रमण के हालात
गौरतलब है कि हाल ही में देश में केरल, तमिलनाडु और असम सहित केंद्र शाषित प्रदेश पुदुचेरी में चुनाव संपन्न हुआ है। पश्चिम बंगाल में मतदान जारी है। यहां 29 अप्रैल को 8वें और आखिरी चरण का मतदान होगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 2 मई को आएंगे। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर काफी खतरनाक हो चुकी है। महाराष्ट्र, यूपी, पंजाब, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव करवाये गये। इन राज्यों में भी संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता में हर दूसरा व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा है।