logo

पति से किया वादा निभाया! सेना में लेफ्टिनेंट बन गईं शहीद विभूति ढौंढियाल की पत्नी निकिता ढौंढियाल

पति से किया वादा निभाया! सेना में लेफ्टिनेंट बन गईं शहीद विभूति ढौंढियाल की पत्नी निकिता ढौंढियाल
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

निकिता कौल ढौंढियाल। ये नाम आजकल सुर्खियों में है। इन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई मिसाल कायम की है। इन्होंने वो कर दिखाया जिसके लिए हिम्मत, जुनून, कर्तव्यनिष्ठा, और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता जरूरी होती है। पति की शहादत के बाद सेना में जाने का खुद से वादा करने वाली निकिता सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। निकिता ढौंढियाल शहीद मेजर विभूति ढौंढियाल की धर्मपत्नी हैं। 29 मई को चेन्नई में पासिंग आऊट परेड के बाद निकिता सेना में अधिकारी बन गईं। 

19 फरवरी 2019 को शहीद हुए थे विभूति ढौंढियाल
19 फरवरी 2019 यानी कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले के पांच दिन बाद पुलवामा में ही आतंकियों से लोहा लेते हुए देहरादून के रहने वाले मेजर विभूति ढौंढियाल शहीद हो गए थे। उस वक्त उनके पार्थिव शरीर को चूमती, फ्लाइंग किस देती और प्यार और गर्व भरे इमोशन के साथ पति के पार्थिव शरीर को निहारती शहीद विभूति ढौंढियाल की पत्नी निकिता कौल ढौंढियाल की तस्वीर मीडिया में सुर्खियां बनी थी। तब निकिता ने कहा था कि उन्हें पति को खोने का गम है लेकिन साथ ही गर्व भी है कि उन्होंने उन लोगों के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया जिससे वे कभी मिले नहीं। यही नहीं, निकिता ढौंढियाल ने ये भी कहा था कि वो अपनी आखिरी सांस तक केवल और केवल विभूति ढौंढियाल से ही प्यार करती रहेंगी। 

निकिता ने लिया था सेना में भर्ती होने का प्रण
शहीद मेजर विभूति ढौंढियाल के पार्थिव शरीर को आखिरी सलामी देती हुई निकिता कौल ढौंढियाल ने खुद से वादा किया था कि वो खुद भी सेना में जाएंगी। उनके पति की जो यात्रा अधूरी रह गई उसे वो पूरा करेंगी। निकिता ने ये भी कहा था कि वो अपने पति की बाकी जिंदगी को गर्व के साथ जीना चाहती हैं और इसलिए सेना में जाना चाहती हैं। गौरतलब है कि जब मेजर विभूति ढौंढियाल शहीद हुए उस वक्त निकिता से उनकी शादी को 9 महीने का वक्त भी नहीं बीता था। विभूति ढौंढियाल की शहादत के कुछ ही दिनों बाद निकिता ने सेना की परीक्षा पास की और चेन्नई के नेशनल डिफेंस एकेडमी में प्रशिक्षण हासिल किया। अब वो लेफ्टिनेंट बन गई हैं। 

सेना में लेफ्टिनेंट बन गईं निकिता कौल ढौंढियाल
मेजर विभूति ढौंढियाल की शहादत के ठीक 2 साल 3 महीने और 10 दिन बाद उनकी पत्नी निकिता कौल ढौंढियाल भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। पासिंग आऊट परेड के बाद लेफ्टिनेंट निकिता कौल ढौंढियाल ने एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि "मेरी यात्रा अब शुरू हुई है। बीते 11 महीनों में मैंने काफी कुछ सीखा। वो सब महसूस किया जो कभी मेरे पति ने महसूस किया होगा। सबसे जरूरी होता है खुद पे विश्वास रखना। मेरी सास और मेरी मां ने मेरा साथ दिया और हौसला बढ़ाया। वो (शहीद विभूति ढौंढियाल) अब भी मेरे आस-पास है। ऐसा लगता है कि जैसे वो मेरा हाथ थामकर कह रहा हो कि हां निकिता तुमने ये कर दिखाया"। 

स्मृति ईरानी और रमेश पोखरियाल ने की सराहना
निसंदेह निकिता कौल ढौंढियाल से लेफ्टिनेंट निकिता कौल ढौंढियाल बन जाने की उनकी यात्रा काफी प्रेरणादायी रही है। उनकी मेहनत, लगन और जज्बा उन लाखों-करोड़ों लोगों और विशेष तौर पर महिलाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा जिन्हें समाज अबला कहकर दरकिनार कर देता है। लेफ्टिनेंट निकिता कौल ढौंढियाल ने ये कामयाबी अर्जित करके अपने शहीद पति को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। निकिता पर ना केवल शहीद मेजर विभूति ढौंढियाल बल्कि उनके पूरे परिवार, जिले, राज्य और राष्ट्र को गर्व है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और रमेश पोखरियाल निशंक ने भी निकिता की सराहना की है। उनकी कामयाबी को प्रेरणादायी बताया है।