logo

शहीद की विधवा पत्नी के साथ 18 लाख की ठगी, मुखिया पर लगा आरोप 

14127news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

2017 में शहीद हुए जयप्रकाश उरांव की पत्नी संगीता उरांव के साथ ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यह ठगी नौकरी व जमीन दिलाने के नाम पर हुई है। संगीता उरांव ने रघुनाथपुर के पूर्व मुखिया महादेव उरांव के खिलाफ चान्हो थाने में मामला दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

15 नवंबर 2017 को हुए थे शहीद 
बता दें कि 15 नवंबर 2017 को जयप्रकाश उरांव मणिपुर में उग्रवादियों से हुए मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उनके शहीद होने के बाद संगीता उरांव को केंद्र व झारखंड सरकार से पैसा मिला था। महिला का आरोप है कि रघुनाथपुर पंचायत के पूर्व मुखिया महादेव उरांव ने उससे नजदीकी बढ़ाई। नौकरी व जमीन दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी की। संगीता वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चान्हो में कार्यरत है। 

पैसा वापस दिलाने की गुहार 
जयप्रकाश उरांव को राष्ट्रपति द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। जयप्रकाश उरांव की पत्नी ने प्राथमिकी में चान्हो थाना पुलिस से पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाते हुए कहा है कि पति की मौत व दो छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर उसकी मनोदशा ठीक नहीं थी। इसका लाभ उठाकर महादेव उरांव ने उससे 18 लाख रुपये ठग लिए हैं। चान्हो थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।