द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
अफगानिस्तान से तालिबानियों के विरोध की खबरें अब आनी शुरू हो गई हैं। एक दिन पहले एक वीडियो दुनिया भर में वायरल हुआ, जिसमें कुछ लड़कियों नारे लिखी तख्तियां थामे तालिबानियों के सामने खड़ी होकर उनका विरोध कर रही थीं। वहीं कभी वहां के जंगजू रहे शाह मसूद के बेटे ने भी तालिबानियों के विरुद्ध मोर्चा खोल लिया है। इधर, आज जलालाबाद में गुस्साए लोगों ने तालिबान का झंडा उतार कर अपना राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया। स्थाानीय पजवोक अफगान न्यूज की ओर से ट्वीट किए वीडियो में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़क पार करते हुए दिखाया गया है। इसके बाद तालिबानियों ने गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में कुछ लोगों के घायल होने और मौत की भी खबरें आ रही हैं।

मौलाना सज्जाद नोमानी के बिगड़े बोल
इधर, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना सज्जाद नोमानी का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने भारतीय मुसलमानों का खुद को ठेकेदार समझते हुए तालिबानियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदुस्तान का मुसलमान तालिबान को सलाम करता है। क्योंकि तालिबान ने दुनिया की सबसे ज्यादा मजबूत सेनाओं को धूल चटाई है। उन्हें हमारा सलाम। उन्होंने कहा कि काबुल के महल में उनके दाखिले का अंदाज पूरी दुनिया ने देखा। उनमें कोई गुरूर और घमंड नहीं था।

हालांकि किरकिरी के बाद अब ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने ट्विटर पर बयान जारी करते हुए कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने तालिबान की जीत और अफ़ग़ानिस्तान के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। कुछ मीडिया चैनल बोर्ड के कुछ सदस्यों की निजी राय को बोर्ड का स्टैंड मानकर ग़लत बात पर बोर्ड को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं।
सपा के एक सांसद बयान से पलटे
बता दें कि इससे पहले संभल से सपा सांसद शफीकुर रहमान बर्क ने तालिबानियों के समर्थन में बयान दिया था। जिसमें उन्होंने तालिबानियों की लड़ाई को अपने मुल्क के लिए बताया था। कहा था कि कभी भारत के देशभक्तों ने भी इसी तरह ब्रिटिश शासन के खिलाफ जंग लड़ी थी। तालिबानियों ने अमेरिका के चंगुल से आजादी के लिए जंग की और विजय हासिल की। जब उनपर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो गया तो अब अपने बयान से मुकर रहे हैं। कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया।