logo

बाइक राइडिंग पर गई मेडिकल छात्रा के साथ 'गैंगरेप', बदमाशों ने युवती के ब्वॉयफ्रेंड को भी बेरहमी से पीटा

बाइक राइडिंग पर गई मेडिकल छात्रा के साथ 'गैंगरेप', बदमाशों ने युवती के ब्वॉयफ्रेंड को भी बेरहमी से पीटा

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

कर्नाटक के मैसूर में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ अज्ञात बदमाशों ने उस समय सामूहिक बलात्कार किया जिस समय वो अपने पुरुष मित्र के साथ बाइक राइडिंग पर गई थी। मामला मैसूर शहर के बाहरी इलाके ललिताद्रीपुरा का है। कहा जा रहा है कि युवती की हालत गंभीर है। बदमाशों ने युवती के पुरुष मित्र की भी बेरहमी से पिटाई की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 

 

पुरुष मित्र के साथ घूमने गई थी छात्रा
घटना के संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक मैसूर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ बाइक से चामुंडा हिल्स घूमने गई थी। जब वे ललिताद्रीपुरा के पास पहुंचे तो कुछ बदमाशों ने उनको घेर लिया। बदमाशों ने उनसे पैसों की मांग की। जब कपल ने पैसे देने से इंकार किया तो बदमाशों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो बदमाश उसे खींचते हुए क्राइम स्पॉट तक ले गए और उसका सामूहिक बलात्कार किया। बदमाशों ने पीड़िता के पुरुष मित्र की बेरहमी से पिटाई की। युवक को गंभीर चोट लगी है। 

 

कई घंटों तक चला हैवानियत का नंगा नाच
कई घंटों तक हैवानियत का नंगा नाच करने के बाद बदमाश भाग गए। पीड़ित कपल ने किसी तरह से घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। घटना के बाद से मैसूर में माहौल तनावपूर्ण है। लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़ा कर रहे हैं। फिलहाल पीड़िता और उसके पुरुष मित्र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश कर रही है। मैसूर के पुलिस आयुक्त डॉ. चंद्रगुप्त ने क्राइम स्पॉट का दौरा किया है। मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। 

 

मुख्यमंत्री बोम्मई ने दिया कार्रवाई का भरोसा
युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का बयान भी सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। युवक की बुरी तरह से पिटाई की गई है। मेरी सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। अपराधियों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। सभी को न्याय के दायरे में लाया जाएगा। दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया मामले का संज्ञान
गौरतलब है कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मैसूर गैंगरेप मामले में स्वत संज्ञान लिया है। आयोग ने कर्नाटक के डीजीपी को ये सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि सभी आरोपियों की त्वरित पहचान की जाए और जल्दी से जल्दी उनको गिरफ्तार किया जाए। आयोग ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी में कहा है कि कानून की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाये।