logo

विपक्षी नेताओं से हासिल ऊर्जा से राहुल की साइकिल पहुंची संसद भवन

विपक्षी नेताओं से हासिल ऊर्जा से राहुल की साइकिल पहुंची संसद भवन

द फॉलोअप टीम,  दिल्ली:
कभी कांग्रेसवाद के विरुद्ध गैर-कांग्रेसवाद सियासत देश में होती थी, लेकिन अब इसने भाजपावाद वर्सेस गैर-भाजपावाद का रूप धर लिया है। 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में जो हो न सका, उससे सबक लेते हुए अब समूचा विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट होने के प्रयास में है। इसकी कवायद इधर लगातार जारी है। इसी क्रम में आज दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 विपक्षी नेताओं से मिले। इनमें कांग्रेस के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना, राजद, सपा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, माकपा, IUML, रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP), केरल कांग्रेस (M), झारखंड मुक्ति मोर्चा, नेशनल कॉन्फ्रेंस, तृणमूल कांग्रेस, लोकतांत्रिक जनता दल और आम आदमी पार्टी के नेता शामिल हुए। इसके बाद राहुल गांधी ने साइकिल से संसद भवन तक मार्च किया।

 

पिछले सप्तााह ट्रैक्टर से संसद पहुंचे थे राहुल 
खबर है कि मॉनसून सत्र के बचे समय में सरकार को घेरने की रणनीति बनाने के मकसद से राहुल गांधी ने नाश्ते पर विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रित किया था। बैठक को राजनीतिक हलके में राहुल की 'ब्रेकफास्ट पॉलिटिक्स' कहा जा रहा है। बैठक के बाद राहुल कॉन्स्टीट्यूशन क्लब से साइकिल चलाते हुए संसद पहुंचे। उनके साथ विपक्षी दलों के नेता भी साइकिल से संसद पहुंचे। बता दें कि पिछले सप्ताह राहुल तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर ट्रैक्टर से संसद पहुंचे थे। राहुल गांधी पेगासस मुद्दे पर शुरू से ही आक्रामक मुद्रा में हैं।

 

BJP-RSS के खिलाफ एकजुटता जरूरी: राहुल
बैठक में विपक्षी एकजुटता पर बल देने के अलावा बढ़ती महंगाई और पेगासस का मामला गर्म रहा। राहुल गांधी बोले कि पेट्रोल-डीज़ल के मसले पर सभी विपक्षी पार्टियों को आवाज़ उठानी चाहिए।  BJP-RSS के खिलाफ एकजुटता जरूरी है। हम सभी एकजुट हों। जितनी ज्यादा लोगों की आवाज एकजुट होगी, उतनी ज्यादा यह प्रभावी बनेगी। इसे सत्ता को दबा पाना मुश्किल होगा। बता दें कि विपक्षी दल पेगासस मामलों की अदालत की निगरानी में जांच की मांग कर रहे हैं। जबकि सरकार ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।