logo

चलती ट्रेन में करीब 80 यात्रियों की मौजदूगी में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, लूटपाट

चलती ट्रेन में करीब 80 यात्रियों की मौजदूगी में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, लूटपाट

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

मुंबई के कल्याण इलाके में चलती ट्रेन में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक बलात्कार और लूटपाट की घटना सामने आई है। मामले में रेलवे पुलिस बल ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 2 आरोपियों की तलाश जारी है। कुल 10 बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना शुक्रवार की है लेकिन जिस जघन्यता से वारदात को अंजाम दिया गया, उसकी चर्चा हो रही है। पुलिस ने घटना के तत्काल बाद ही 4 आरोपियों को हिरासत में लिया था। बाकियों की तलाश जारी थी। 

 

बीते शुक्रवार की है खौफनाक घटना
मिली जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार देर रात की है। लखनऊ से चलकर मुंबई जाने वाली लखनऊ-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन में वारदात को अंजाम दिया गया। मुंबई रेलवे पुलिस कमिश्नर कैसर खालिद ने बताया कि शुक्रवार की रात को तकरीबन 8 बजे जैसे ही ट्रेन औरंगाबाद जिला स्थित इगतपुर के पास पहुंची 10 बदमाश ट्रेन में सवार हो गये। बदमाशों ने यात्रियों के साथ जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने यात्रियों से नकदी, मोबाइल और बैग सहित कुल 96 हजार 390 रुपये की संपत्ति लूट ली। लूटपाट के बाद अपराधियों ने ट्रेन में पति के साथ सफर कर रही महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 

 

महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पहले महिला के साथ लूटपाट के दौरान बदसलूकी की। विरोध किया तो छेड़छाड़ करने लगे। महिला का पति इन सबके बीच बदमाशों से भिड़ गया। एक अन्य यात्री ने भी विरोध किया। बदमाशों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। बदमाशों ने इसके बाद यात्रियों की मौजूदगी में 20 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया।

महिला के साथ बदमाशों ने तब तक दरिंदगी की जब तक ट्रेन कसारा नहीं पहुंची। जब ट्रेन कसारा पहुंची तो यात्रियों ने शोर मचाया। स्टेशन पर मौजूद मुंबई रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने यात्रियों की मदद से 4 बदमाशों को पकड़ा। बाकी भाग गये। अब 8 बदमाशों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 

 

अब तक 8 बदमाशों को किया गिरफ्तार
यात्रियों से भरी चलती ट्रेन में 20 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और यात्रियों के साथ लूटपाट की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है वहीं कानून-व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाया है।

 

फिलहाल 8 आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये हैं, बाकी 2 बदमाशों की तलाश जारी है। मुंबई के रेलवे पुलिस कमिश्नर कैसर खालिद ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई हो रही है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।