logo

सीपी सिंह ने की फ्री एंबुलेंस सेवा की शुरुआत, रांची वासियों को मिलेगा इसका लाभ

8081news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

रांची से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सीपी सिंह और झारखंड मिथिला मंच के संयुक्त प्रयास से निशुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गयी। इस एंबुलेंस सेवा का लाभ रांची के लोगों को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक इस कार्य के लिए कुल 2 हजार 12 वॉलेंटियर्स की नियुक्ति की गयी है। टीम ग्रीन द्वारा इन एंबुलेंस का संचालन किया जायेगा। इससे राज्य के मरीजों को बहुत लाभ मिलेगा। 

एंबुलेंस की कमी महसूस नहीं होगी
बता दें कि कोरोना संकट में मरीजों को जिन चीजों की उपलब्धता में सबसे ज्यादा मुश्किल आ रही है उनमें एक एंबुलेंस भी है। कई खबरें सामने आई जब वक्त पर एंबुलेंस नहीं मिल पाने की वजह से मरीजों की मौत हो गयी। मरीजों को वक्त पर हॉस्पिटल नहीं पंहुचाया जा सका। यही नहीं, निजी एंजेसियों द्वारा जो एंबुलेंस दिया जा रहा है उसका खर्चा काफी आता है। शिकायत मिली की महज 5 किलो मीटर तक के लिए मरीजों से हजारों रूपये की वसूली कर ली गयी। अब इसका समाधान हो सकेगा। 

सीपी सिंह ने आर्थिक मदद भी दी थी
सीपी सिंह ने इससे पहले अपने विधायक निधि से 25 लाख रूपये की राशि भी दी थी। रांची विधायक सीपी सिंह ने जीवनरक्षक दवाइयों की खरीद तथा ऑक्सीजन की सुचारू रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राशि दान की थी। अब विधायक सीपी सिंह ने फ्री एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। मरीजों को एक कॉल में एंबुलेंस मिल सकेगा। वे वक्त पर हॉस्पिटल पहुंच सकेंगे।