logo

Jharkhand: राज्य में समय से आएगा मानसून, किसान खेती यूं करें तैयारियां

8626news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
राज्य के किसानों के लिए अच्छी खबर है। बता दें कि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के कृषि मौसम एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग ने मंगलवार को मौसम खेती पूर्वानुमान जारी किया। विभाग के अध्यक्ष एवं ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ अब्दुल वदूद(Dr. Abdul Wadud) ने अगले पांच दिनों के मौसम पूर्वानूमान में आकाश में हल्के बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदा-बांदी होने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मानसून पूर्व अच्छी वर्षा हुई है। भारत मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में इस वर्ष समय पर मानसून की वर्षा आने की संभावना है। 

खेती की तैयारी में जुट जाएं किसान 
इसके साथ ही बुलेटिन में किसानों को खरीफ फसलों की सफल खेती की तैयारी शुरू करने को कहा गया है। किसानों को खेतों की जुताई खेतों के ढाल के विपरीत दिशा में करने और खेतों के मेड़ को दुरुस्त करने की सलाह दी गई है। किसानों कहा गया कि निर्देश के मुताबिक खेती करने से लाभ होगा। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि झारखंड में इस बार अच्छी फसल होगी। 



किसान ऐसे करें खेती की तैयारी 
विभाग ने बताया की मानसून वर्षा जल के संचयन के लिए खेत के निचले भाग में छोटे-छोटे गड्डे का निर्माण, खेतों की उर्वरक शक्ति बढ़ाने के लिए हरी खाद वाली फसलों की बुआई करने और पहले से लगाई गई विभिन्न सब्जियों/फसलों में नमी को ज्यादा दिनों तक संरक्षित रखने के लिए खेतों की निकाई-गुडाई करने और साफ मौसम में खड़ी फसल में यूरिया का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। 

बंजर भूमि को भी यूं बनाएं उपयोगी 
अपने जारी बुलेटिन में नोडल अधिकारी ने बताया की बंजर भूमि को उपयोगी बनाने के लिए फल वृक्ष या दरख्त वाले पेड़ लगाए। किसानों को पपीता की व्यावसायिक खेती की शुरुआत के लिए पॉलिथीन के थैले में मिट्टी और सड़ी गोबर की खाद मिलाकर भर देने और बीज डालने के बाद आवश्यकतानुसार सिंचाई करते रहने की सलाह दी गई है।