द फॉलोअप टीम, डेस्क:
कोविड महामारी (covid pandemic) के खिलाफ जंग में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत ने 100 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को टीका लगा दिया है। अरुण राय (Arun Rai) नाम के शख्स ने टीका लगवाकर भारत की एंट्री 100 करोड़ी क्लब में करवा दी। अरुण राय को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल (RML Hospital) में कोविड का टीका लगाया गया। अरुण राय ने कहा कि वे खुश हैं कि वही वो व्यक्ति हैं जिनको 100 करोड़वां टीका लगा। हालांकि, अरुण राय को थोड़ी निराशा है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी नहीं खिंचवा पाये। पीएम मोदी उसी अस्पताल में थे जहां अरुण राय को टीका लगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मनाया जश्न
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के बाद भारत द्वारा हासिल मील के पत्थर का जश्न मनाने के लिए एक गीत और ऑडियो-विजुअल फिल्म लॉंच किया। टीका निर्माता कंपनी भारत बायोटेक (Bharat Biotech) के अध्यक्ष और एमडी डॉ. कृष्णा एल्ला ने कहा कि भारत बायोटेक को इस एतिहासिक उपलब्धि में योगदान देने पर गर्व है। उन्होने कहा कि ये सरकार, वैक्सीन निर्माताओं, स्वास्थ्यकर्मियों और टीका लगवाने वाले सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। ये आत्मनिर्भरता की सच्ची कहानी भी बताता है।

पीएम मोदी ने आरएमएल का किया दौरा
इस शानदार उपलब्धि के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल का दौरा किया। 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हमें जल्दी से जल्दी कोरोना को हराना है। इस मौके पर पीएम मोदी ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाकर वैक्सीनेशन सेंटर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बातचीत की। वहां मौजूद हेल्थ वर्कर्स का उत्साहवर्धन किया। कर्मचारी भी पीएम को अपने साथ पाकर खुश हुये।
16 जनवरी को हुई थी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
गौरतलब है कि भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2021 को हुई थी। तब से लेकर अब तक टीकाकरण का आंकड़ा देखें तो 0 से 10 करोड़ टीका लगाने में 86 दिन लगे। 10 से 20 करोड़ तक पहुंचने में 46 दिन लगे। 20 से करोड़ टीका लगाने में 28 दिन लगा। 30 से 40 करोड़ टीका लगाने में 24 दिन लगा। 40 से 50 करोड़ टीका लगाने में 19 दिन लगा। 50 से 60 करोड़ टीका लगाने में 19 दिन लगा। 60 से 70 करोड़ टीका लगाने में 13 दिन लगा। 70 से 80 करोड़ तक पहुंचने में 11 दिन लगा। 80 से 90 करो़ड़ टीका लगाने में 14 दिन लगा। 90 से 100 करोड़ टीका लगाने में 19 दिन लगा।

भारत में कोवैक्सीन और कोविशील्ड का टीका लगाया
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत में नागरिकों को ऑक्सफोर्ड एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित और पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (Serum Institute of India) द्वारा निर्मित वैक्सीन कोविशील्ड, हैदराबाद स्थित फार्मा कंपनी भारत बायोटेक (Bharat Biotech) द्वारा विकसित और निर्मित वैक्सीन कोवैक्सीन (covaccine), अहमदाबाद के जायडस कैडिला द्वारा विकसित और निर्मित जायकोव डी और रूस द्वारा निर्मित और विकसित टीका स्पूतनिक वी का टीका लगाया गया। अधिकांश नागरिकों को कोवैक्सीन और कोविशील्ड का टीका लगाया गया है।
