द फॉलोअप टीम, गाजीपुर:
यूपी के गाजीपुर में गंगा नदी में दर्जनों लाशें तैरती दिखीं। मंगलवार को बिहार के बक्सर में भी दर्जनों की संख्या में लाशें गंगा नदी में तैरती दिखीं। शवों के कोरोना संक्रमित होने की आशंका से ग्रामीण काफी भयभीत हैं। जानकारी के मुताबिक गाजीपुर के गहमर थानाक्षेत्र अंतर्गत नरवा, सोझवा, बुलाकीदास घाट पर दर्जनों की संख्या में शव गंगा नदी में उतराये मिले।
शवों की पहचान में जुटे पुलिस अधिकारी
गाजीपुर के जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली। मौके पर अधिकारियों को भेजा गया है। तलाशने का प्रयास किया जा रहा है कि ये लाशें कहां से आईं। जांच के लिए टीम गठित की गयी है। दूसरी तरफ आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मचा है। लोग शवों के कोरोना संक्रमित होने की आशंका से काफी भयभीत हो गये हैं। यदि ये वाकई कोरोना संक्रमित मरीजों के शव हैं तो गंगा नदी में फेंके जाने से स्थिति भयावह हो सकती है। पानी दूषित हो सकता है।
बक्सर के महादेवा घाट में भी मिली लाशें
सोमवार को बिहार के बक्सर जिला स्थित चौसा इलाके में महादेवा घाट पर दर्जनों की संख्या में शव मिले थे। बक्सर के जिलाधिकारी ने तब कहा था कि ये शव यूपी से बहकर आये हैं। शव बक्सर जिले का नहीं है। जानकारी के मुताबिक गाजीपुर का गहमर गांव बिहार के बक्सर से सटा हुआ है। गंगा नदी गहमर होते हुए बिहार में प्रवेश करती है। इस बात की काफी संभावना है कि शव वहीं से बहकर आये हों।
हमीरपुर में यमुनी नदी में तैरती मिली लाश
कुछ दिन पहले यूपी के हमीरपुर जिले से होकर बहने वाली यमुना नदी में भी शव उतराये मिले थे। आशंका जताई गयी थी कि ये शव कोरोना संक्रमित मरीजों के हो सकते हैं। परिजनों ने या तो छुपाने के इरादे से या फिर अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं मिलने की वजह से शवों को नदी में बहा दिया होगा। हमीरपुर के जिलाधिकारी ने इसको खारिज किया था। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने कहा था कि कोरोना संक्रमित शव पैक्ड किया होता है जबकि ये शव खुले थे।