द फॉलोअप टीम, मुंबई:
पॉक्सो के तहत यौन उत्पीड़न के दायरे में कौन सा कृत्य आएगा, इसको लेकर अभी भी बहस जारी है। इस बीच महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित एक पॉक्सो कोर्ट ने कहा कि नाबालिग का हाथ पकड़ना या उससे प्रेम का इजहार करना यौन उत्पीड़न नहीं है। कोर्ट ने मामले में आरोपी 28 साल के एक शख्स को बरी भी कर दिया।
बॉम्बे पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को बरी किया
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शख्स ने साल 2017 में एक नाबालिग लड़की को प्रपोज किय था। बता देंकि प्रोटेक्न ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल एक्ट को संक्षेप में पॉक्सो एक्ट कहा जाता है। पॉक्सो कोर्ट में 18 साल से कम आयु के बच्चों के साथ होने वाले यौन शोषण संबंधित अपराधों की सुनवाई की जाती है। 2012 में ये कानून बना था। साल 2018 में केंद्र सरकार ने इस कानून में कई बड़े बदलाव भी किए थे। इस कानून के तहत अलग-अलग अपराध के लिए अलग-अलग सजा का प्रावधान किया गया है।
आरोपी का यौन उत्पीड़न का इरादा नहीं था
मुंबई वाले मामले को लेकर पॉक्सो कोर्ट ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे ये कहा जा सके कि आरोपी का यौन उत्पीड़न करने का कोई इरादा था। फैसला सुनाते हुए अदालत ने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि आरोपी ने लगातार उसका पीछा किया या उसे किसी सुनसान स्थान पर ले गया। अदालत ने कहा कि हमने पाया कि अभियोजन पक्ष सबूत लाने में सक्षम नहीं कि आरोपी ने कथित रूप से यौन उत्पीड़न की कोशिश की। आरोपी को बरी कर दिया गया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे बड़े मामले
गौरतलब है कि पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं। इससे पहले भी बच्चे का हाथ पकड़ना यौन अपराध के रूप में चिह्नित करने से खारिज कर दिया गया। बॉम्बे हाईकोर्ट ने पांच साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के लिए पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 10 के तहत एक 50 साल के व्यक्ति की सजा को पलट दिया था। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा था कि पैंट खोलकर एक नाबालिग का हाथ पकड़ने को यौन उत्पीड़न की परिभाषा में नहीं रखा जा सकता। गौरतलब है कि इस मामले में पीड़िता की मां ने केस दर्ज करवाया था।
न्यायमूर्ति पुष्पा गनेडीवाला का विवादित फैसला
मामले में पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज करवाया था कि आरोपी ने उनकी बेटी का हाथ पकड़ा। उसकी पैंट खोल दी और पीड़िता को बिस्तर पर जाने को कहा। उस वक्त पीड़िता के माता-पिता घर से दूर थे। मामले में न्यायमूर्ति पुष्पा गनेडीवाला ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि बिना स्किन-टू-स्किन संपर्क के छूना यौन उत्पीड़न नहीं माना जाएगा। हालांकि पुष्पा गनेडीवाला के इस फैसला की काफी आलोचना हुई थी। कई लोगों ने उनके तर्क को बेतुका बताया था।