logo

कैंसर पीड़ित महिलाओं के लिए मुस्कान ने दान किये ढाई फिट लंबे बाल

कैंसर पीड़ित महिलाओं के लिए मुस्कान ने दान किये ढाई फिट लंबे बाल

द फॉलोअप टीम, सिरसा:

किसी भी महिला के लिए उसके बाल सबसे अहम होते हैं। खासकर बाल जब लंबे हों तो महिलाओं का सौंदर्य और अधिक बढ़ जाता है। बालों से जुड़ा हुआ ही एक बेहद ही सराहनीय पहल हरियाणा के सिरसा जिले से सामने आया है। सिरसा में शाह सतनामपुरा कालोनी की रहने वाली मुस्कान चहल ने  कैंसर पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए अपने ढाई फीट लंबे बाल दान कर दिए। मुस्कान के लिए ये आसान न था। जब उसने कैंसर पीड़ित महिलाओं के बारे में सोचा तो यह भी कर गुजरी। 

महिलाओं को मिलेगा विग  
11वीं कक्षा में पढ़ने वाली मुस्कान  ने इंटरनेट में  देखा कि कैंसर पीड़ित महिलाओं के कीमोथेरेपी के बाद उनके बाल उड़ जाते हैं। मुस्कान ने सर्च किया तो उसे मालूम हुआ कि दक्षिण भारत की एक हेयर क्राउन एनजीओ कीमोथेरेपी करवा चुकी महिलाओं को विग बनाकर देती है। इसके लिए वे स्वस्थ महिलाओं के बाल लेती है। जब मुस्कान को इसकी जानकारी हुई तो उसने अपने बाल दान देने का निर्णय लिया। उसे पता चला कि अगर बाल भेजने हैं तो उनकी लंबाई कम से कम 10 ईंच होनी चाहिए। मुस्कान के बालों की लंबाई ढाई फीट थी। मुस्कान की मां नीलम ने संस्था के पदाधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने बाल काटने की विधि बताई और उन्हें कुरियर करने को कहा।

तीन महिलाओं की बनेगी विग 
मुस्कान ने घर पर ही सैलून संचालक को बुलाकर बालों को लंबाई से कटवाया और उन्हें संस्था को भेज दिया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मुस्कान के बालों से तीन महिलाओं की विग बन जाएगी। मुस्कान ने बताया कि उसकी मां ने उसके बालों को अच्छी तरह से पोषित किया था, इसलिए उसके बाल घुटनों तक लंबे थे। परिवार में सब उसके सुंदर बालों की तारीफ करते थे। अब वह खुश है कि उसके बालों से तीन महिलाओं को वापस उनके बाल मिल जायेंगे।