logo

शाम साढ़े 6 बजे के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर नहीं जा सकती लड़कियां, मैसूर गैंगरेप के बाद कुलपति का आदेश

शाम साढ़े 6 बजे के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर नहीं जा सकती लड़कियां, मैसूर गैंगरेप के बाद कुलपति का आदेश

द फॉलोअप टीम, मैसूर: 


कर्नाटक के मैसूर में एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही यूपी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। इस बीच मैसूर विश्वविद्यालय ने घटना को लेकर कुक्कराहल्ली झील इलाके में शाम साढ़े छह बजे के बाद किसी की भी आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। छात्राओं को खासतौर पर हिदायत दी गई है कि वे कुक्कराहल्ली झील परिसर की तरफ ना जायें। यदि साढ़े छह बजे के पहले जाती हैं तो दोस्तों के साथ जायें ना कि अकेले। 

कुलपति ने जारी किया है आदेश
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर ये आदेश जारी किया है। कुलपति ने इलाके में पुलिस की सुरक्षा और गश्ती बढ़ाने की भी मांग की है। कुलपति का कहना है कि ऐसा छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित परिसर में वनस्पतियों की वजह से छोटा जंगल जैसा बन गया है। वहां आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। 

यूपी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि तीन दिन पहले मैसूर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करने वाली छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। छात्रा यूपी की रहने वाली है। घटना वाले दिन वो  अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ बाइक से चामुंडा हिल्स की तरफ घूमने गई थी। मैसूर के बाहरी इलाके ललिताद्रीपुरा के पास कुल छह की संख्या में बदमाशों ने उनको घेर लिया। कपल से पैसे की मांग की गई। जब कपल ने पैसे देने से मना किया तो बदमाशों ने युवक के साथ बुरी तरह से मारपीट की। मारपीट के दरम्यान वे छात्रा को क्राइम स्पॉट तक घसीट कर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। 

 

मुख्यमंत्री बोम्मई ने दिया भरोसा
कर्नाटक पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अपराधियों की तलाश की जा रही है। मैसूर के पुलिस आय़ुक्त ने खुद घटनास्थल का दौरा किया था। मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपुर्ण है। फिलहाल युवती का इलाज किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि बदमाशों को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी।