द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
एक तरफ टीएमसी को उपचुनाव का काफी बेसब्री से इंतजार है, तो वहीँ दूसरी तरफ हाई कोर्ट नंदीग्राम सीट पर सुनवाई करने में उतना ही अधिक समय लगा रही है। जी हां! नंदीग्राम सीट से हारने के बाद ममता बनर्जी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी कि परिणाम गलत है। लेकिन अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें और बढ़ गयीं हैं। उन्हें और लम्बा इंतजार करना होगा। हाई कोर्ट ने मामले की सुनवाई 15 नवंबर तक टाल दी है। सुनवाई टलने से यह पक्का हो गया है कि मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए ममता बनर्जी को किसी और सीट से चुनाव जीतना होगा। टीएमसी चुनाव आयोग से आग्रह कर रहा है कि खाली सीटों पर जल्द ही उपचुनाव कराया जाए। दरअसल ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से हारकर भी वर्तमान में बंगाल की मुख्यमंत्री है। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें 5 नवंबर से पहले विधानसभा का सदस्य बनना होगा।

देना पड़ सकता है इस्तीफा
टीएमसी को इस बात का डर है कि यदि कोरोना की तीसरी लहर आ गयी तो चुनाव नहीं हो पायेगा और अगर चुनाव नहीं हुआ तो ममता को इस्तीफा देना पड़ सकता है। बता दें कि भवानीपुर सीट से जीते टीएमसी विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने यह सीट छोड़ दी है, ताकि ममता बनर्जी यहां से लड़ सकें। ममता बनर्जी 2011 से इस सीट पर दो बार विधायक रह चुकी हैं। लेकिन इस बार वह नंदीग्राम सीट से लड़ीं। शुभेंदु अधिकारी को सीट से जीत मिली। लेकिन ममता बनर्जी का कहना था कि यह परिणाम गलत है और प्रशासन ने बीजेपी के दबाव में गलत परिणाम घोषित किया है।

यहां होंगे उपचुनाव
भवानीपुर, दिनहाटा, सांतिपुर, समसेरगंज, खारदाह और जांगीपुर विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होगा। ये सीटें किसी के निधन या इस्तीफा के बाद खाली हुआ है। नियम के अनुसार किसी ऐसे व्यक्ति को भी विधायक अपना नेता चुन सकते हैं जो कि विधानसभा या विधानपरिषद के सदस्य नहीं है, लेकिन छह महीने के अंदर उसे किसी सदन का सदस्य निर्वाचित होना होगा।