द फॉलोअप टीम, श्रीनगर:
जम्मू कश्मीर में बडी आतंकी साजिश और मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया है। घाटी में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां पुलिस ने छह आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकियों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। आशंका जाहिर की जा रही है कि इलाके में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की प्लानिंग की जा रही थी।
बारामूला पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया
कश्मीर जोन के पुलिस अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक बारामूला पुलिस ने छह लोगो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 4 पिस्तौल, 10 ग्रेनेड, 21 लाख रुपया नगद, 4 वाहन और 9 किलोग्राम हेरोइन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आतंकी नार्को आतंकी मॉड्यूल का इस्तेमाल कर रहे थे। किसी बहुत बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी थी।
गिरफ्तार सभी छह लोग आतंकियों के मददगार
कहा जा रहा है कि गिरफ्तार सभी छह लोग आतंकियों के मददगार हैं। ये किन आतंकियों की सहायता करने की प्लानिंग कर रहे थे, फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर ये कार्रवाई की। सूचना के आदार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। पुलिस ने मौके से एक ट्रक, एक कार और एक स्कूटी भी जब्त की।
गुरुवार को पुलिसकर्मी पर हुआ था आतंकी हमला
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से घाटी में आतंकी सक्रिय हो गये हैं। गुरुवार को आतंकवादियों ने श्रीनगर के सैदापोरा ईदगाह इलाके में पुलिसकर्मी के घर के बाहर हमला किया था। घटना में पुलिसकर्मी शहीद हो गया था। घटना के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया था लेकिन आतंकियों का कुछ पता नहीं चल सका था।