logo

खतरनाक है वहशी तालिबानियों की वापसी पर हिंदुस्तानी मुसलमानों का जश्न मनाना: नसीरुद्दीन शाह

खतरनाक है वहशी तालिबानियों की वापसी पर हिंदुस्तानी मुसलमानों का जश्न मनाना: नसीरुद्दीन शाह

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 
अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी पर बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने बड़ा बयान दिया है। नसीरूद्दीन शाह ने तालिबानियों की क्रूरता और वहशीपन की तीखी आलोचना करते हुए इसका समर्थन करने वाले हिंदुस्तानी मुसलमानों को भी आड़े हाथों लिया है। नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि हिंदुस्तानी मुस्लमानों के कुछ तबकों द्वारा अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी पर जश्न मनाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे खतरनाक प्रवृत्ति बताया। 

सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो संदेश
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि हालांकि अफगानिस्तान में तालिबान का दोबारा हुकूमत पा लेना तो फिक्र की बात है ही उससे कम खतरनाक नहीं है हिंदुस्तानी मुसलमानों के कुछ तबकों का उन वहशियों की वापसी पर जश्न मनाना। हिंदुस्तानी मुसलमानों को खुद से ये सवाल पूछना चाहिए कि वे अपने मजहब में शांति, मोहब्बत, समरसता और सुधार चाहते हैं या वही सदियों पुराना वहशीपना। नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि मैं एक हिंदुस्तानी मुसलमान हूं। मैं महान शायर मिर्जा गालिब की उस बात से इत्तेफाक रखता हूं जिसमें उन्होंने कहा था कि मेरा अल्लाह से सच्चा आध्यात्मिक रिश्ता है, मुझे सियासी मजहब नहीं चाहिए। अभिनेता ने कहा कि हिंदुस्तानी मुसलमानों की दुनिया के बाकी मुसलमानों से अलग पहचान रही है, अल्लाह ऐसा दिन ना दिखाए जब हम खुद को पहचान ही ना पाएं। नसीरूद्दीन शाह के इस संदेश पर खूब प्रतिक्रिया आ रही है। 

विभिन्न मुद्दों पर राय रखते हैं नसीरूद्दीन शाह
गौरतलब है कि अभिनेता नसीरुद्दीन शाह देश के विभिन्न मुद्दों पर खुली राय रखने के लिए जाने जाते हैं। कई बार इस वजह से उनको आलोचनाओं और धमकी का भी सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि एक बार देश में हो रही मोब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि मुझे इस देश में अपने बच्चों को लेकर चिंता होती है। डर लगता है। नसीरुद्दीन शाह के इस बयान की खूब आलोचना की गई। उनको पाकिस्तान तक जाने की धमकी दी गई। हालांकि नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि उनको अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है। 

अफगानिस्तान की धरती पर तालिबान की वापसी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 20 साल बाद अमेरिकी सेना की अफगानिस्तान की धरती से वापसी हो चुकी है। तालिबान और अमेरिका के लंबे संघर्ष का समापन हो गया है। तालिबान का अफगानिस्तान पर कब्जा हो चुका है। तालिबान ने कहा कि है वो शरिया कानून के हिसाब से अफगानिस्तान में हुकूमत करेगा। लड़कियों की शिक्षा पर पाबंदी लगा दी गई है। तालिबान ने कहा कि वो 3 दिन में सरकार का गठन करेगा जिसमें महिलाओं को भी शामिल किया जायेगा।