logo

नोएडा के जिलाधिकारी ने टोक्यो पैरालंपिक्स की बैडमिंटन स्पर्धा में जीता रजत पदक, पीएम ने दी बधाई

12488news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

टोक्यो पैरालंपिक्स से रविवार को दो अच्छी खबर मिली। पहले तो कृष्णा नागर ने भारत के लिए एसएच-6 कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता और फिर पैरा-बैटमिंटन खिलाड़ी सुहास एल यतिराज ने रजत पदक जीता। सुहास यूपी के नोएडा जिला के जिलाधिकारी भी हैं। सुहास को फाइनल मुकाबले में फ्रांस के लुकास मजूर से हार का सामना करना पड़ा। सुहास को लुकास के खिलाफ 15-21, 21-17, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा। पीएम ने सुहास को बधाई दी। 

पीएम मोदी ने सुहास को फोन कर दी बधाई
जीत के बाद सुहास को प्रधानमंत्री मोदी ने फोन किया और रजत पदक जीतने पर बधाई दी। सुहास ने जीत के बाद कहा कि मैं काफी खुश हूं कि मैंने टोक्यो पैरालंपिक्स में रजत पदक जीता। थोड़ा दुख भी है कि मैं स्वर्ण पदक से चूक गया। बचपन से लेकर अभी तक मैंने सोचा नहीं था कि पैरालंपिक्स में पदक जीत लूंगा। पीएम ने फोन किया तो मुझे काफी अच्छा लगा। सुहास ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए काफी गर्व की बात है। सुहास ने कहा कि वे भविष्य में जरूर पदक का रंग बदलना चाहेंगे। 

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी कृष्णा नागर और सुहास को बधाई दी। मीडिया से मुखातिब अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमारे लिए स्वर्ण और रजत पदके जीतने वाले दोनों विजेताओं को मेरी हार्दिक बधाई। मैं 2016 की पदक तालिका देख रहा था। उस समय केवल 19 खिलाड़ी थे। आज, अभी तक हमने 19 पदक जीत लिए हैं। हमारी पदक तालिका में पांच गुना का इजाफा हुआ है। अभी और भी कई इवेंट्स बाकी है जिसमें कई पदक आने की उम्मीद है। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुहास को बधाई दी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टोक्यो पैरालंपिक्स के रजत पदक विजेता सुहास को बधाई दी। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं उन्हें तहेदिल से बधाई देता हूं। इससे पहले भी कई मौकों पर उन्होंने कई मेडल जीता। अपने प्रशासनिक कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ ही वो पैरालंपिक में सफल रहे हैं।  सुहास एल यतिराज की पत्नी और गाजियाबाद की एडीएम रितु सुहास ने कहा कि काफी अच्छा मुकाबला था। मुझे उन पर गर्व है। बीते 6 साल की मेहनत का फल मिला है। हम सबको उन पर गर्व है।