logo

अब कैशलेस होगा PDS सिस्टम, राशन कार्ड से बैंक खाता लिंक कराना जरूरी

अब कैशलेस होगा PDS सिस्टम, राशन कार्ड से बैंक खाता लिंक कराना जरूरी
द फॉलोअप टीम, रांची :
जन वितरण प्रणाली यानी पीडीएस (PDS) सिस्टम में आ रही दिक्कतों को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सिस्टम को कैशलेस करने की तैयारी कर दी है, जिसकी शुरुआत राजधानी रांची से होने जा रही है। 28 फरवरी को इसका पहला ट्रायल रांची में किया जाएगा। बता दें कि पीडीएस सिस्टम को कैशलेस किए जाने के बाद कार्डधारियों को राशन लेने के वक्त ई-पॉस मशीन पर सिर्फ अंगूठा लगाना होगा। अंगूठा लगाते ही लाभुक के खाते से पैसा डीलर के खाते में चला जाएगा। कैशलेस सिस्टम को प्रभावी बनाने के लिए लाभुकों के साथ सभी पीडीएस डीलरों का बैंक अकाउंट होना आवश्यक है। कैशलेस पीडीएस योजना को सफल करने के लिए शहरी क्षेत्र के सभी पीडीएस डीलरों का बैंक में अकाउंट खोला गया है और 28 फरवरी को ट्रायल सफल होने के बाद जल्द ही विभाग इसे लागू कर देगा। 

गड़बड़ियों को रोकने के लिए किया जा रहा ऐसा
जानकारी के मुताबिक राज्य के सभी डीलरों को और उनके क्षेत्र के लाभुकों के बैंक अकाउंट खोलकर इसे राशन कार्ड से लिंक करने का निर्देश दिया गया है। आमतौर पर राशन लेने के वक्त डीलर की ओर से लाभुकों से अधिक पैसा लेने की शिकायतें आती थी। जन वितरण प्रणाली में आ रही इस तरह की कई गड़बड़ियों को देखते हुए कैशलेस सिस्टम को जमीन पर उतारने की तैयारी सरकार ने की है।