logo

27 सितंबर को किसान संगठनों ने बुलाया भारत बंद, जानिए! कहां-कहां होगा ज्यादा प्रभाव

27 सितंबर को किसान संगठनों ने बुलाया भारत बंद, जानिए! कहां-कहां होगा ज्यादा प्रभाव

द फॉलोअप टीम, दिल्ली:

किसान आंदोलन को और मजबूती देने के लिए सोमवार, 27 सितंबर को किसान संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। 40 किसान संगठनों ने 27 सितंबर को भारत बंद की अपील की है। बंदी का समय सुबह 06 बजे से शाम 04 बजे तक रखा गया है। विपक्षी दल भी किसानों की जंग में शामिल होंने के संकेत दे रहे हैं। झारखंड में भाकपा माओवादियों ने भी भारत बंद के समर्थन में पोस्टरबाजी की थी। नक्सलवाद के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस और सुरक्षाबलों को अलर्ट किया गया है। 

कई विपक्षी पार्टियों ने किया समर्थन
बता दें कि इस भारत बंद के आह्वान को कांग्रेस, माकपा, राकांपा और टीएमसी सरीखे कई विपक्षी दलों ने समर्थन किया है। विपक्ष के कई दलों ने तो बंद के समर्थन में सड़क पर उतरने का भी एलान कर दिया है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) ने 'भारत बंद' को अपना समर्थन दिया है। ऐसी संभवनाएं हैं कि देश में कई बैंक में 27 सितंबर को काम नहीं होगा। 

किसान आंदोलन के 10 महीने पूरे
किसान आंदोलन को आज 10 महीने हो गए। किसानों का कहना है कि भारत बंद से किसान आंदोलन को मजबूती मिलेगी। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों में किसानों के समर्थन और एकजुटता के लिए संपर्क किया जा रहा है, जो भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक आंदोलन से साथ जुड़े हैं। भारत बंद का असर उन राज्यों में अधिक दिखाई देगा जहां भाजपा की सरकार है। 

इन राज्यों में दिखेगा बंद का असर
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी खुलकर इस बंद का समर्थन करने वाले हैं। बिहार में तेजस्वी यादव ने भी सड़क पर उतरने की घोषणा की है। आंध्र प्रदेश में तेदेपा, दिल्ली में आम आदमी पार्टी, कर्नाटक में जेडीएस, तमिलनाडु में सत्ताधारी द्रमुक जैसे दलों ने भी बंद का समर्थन करने का एलान करते हुए केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की है।