logo

UP Election : मुलायम के करीबी रहे सपा विधायक हरिओम समेत दो और नेता भाजपा में शामिल

bjp_from_sp.jpg

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:
चुनाव की घोषणा होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में सियासी भगदड़ मचनी शुरू हो गई है। कल खबर आई थी कि योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ ओबीसी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्री पद और पार्टी सदस्यता  से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी भी दी। लेकिन देर रात तक उन्होंने सपा में शामिल होने की पुष्टि नहीं की। आज की सबसे बड़ी खबर है कि सपा विधायक हरिओम यादव भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ सहारनपुर जनपद के बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और सपा के पूर्व विधायक धर्मपाल यादव के भी भाजपा का दामन थाम लेने की सूचना है।

 

 

 

मुलायम से क्या है रिश्ता

फिरोजाबाद की सिरसागंज सीट से विधायक हरिओम यादव के सगे भाई राम प्रकाश नेहरू की बेटी मृदुला यादव के साथ मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई रतन सिंह यादव के पुत्र रणवीर सिंह यादव की शादी हुई है। हरिओम ने 2002 में सपा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधायक बने।

 

इधर, भाजपा छोड़ने वाले भी

मौर्य के बाद तो भाजपा छोड़ने वालों की क़तार ही लगइ गई है। तीन और विधायकों के भाजपा  त्यागने की खबर है। इनमें कानपुर देहात से भाजपा विधायक भगवती सिंह सागर, बांदा के तिंदवारी से भाजपा विधायक ब्रजेश प्रजापति और शाहजहांपुर से तिलहर विधायक रोशनलाल वर्मा के नाम शामिल हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य और  रोशनलाल वर्मा ने समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। दूसरे विधायकों के भी सपा में जाने की चर्चा तेज है।

चार और विधायक छोड़ सकते हैं भाजपा
सियासी गलियारे की खबर को यदि सच माना जाए तो भाजपा के चार और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इनमें ममतेश शाक्य, विनय शाक्य, धर्मेन्द्र शाक्य ओर नीरज मौर्य का नाम चल रहा है। भाजपा छोड़ने के बाद रोशन लाल वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में उन लोगों की उपेक्षा हुई है। यूपी में भाजपा की नहीं अधिकारियों की सरकार चल रही है। रोशनलाल वर्मा ने मंत्री सुरेश खन्ना पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। एनसीपी प्रमुख शरद पवार का दावा है कि सपा में 13 विधायक शामिल होने जा रहे हैं।