द फॉलोअप टीम,गढ़वा:
भंडरिया थाना के नौका गांव में पुलिस एक व्यक्ति को थाने पूछताछ के लिए लेकर गई थी। बाद में पुलिस उस व्यक्ति के शव को गांव पहुंचाने आई। इस पर हंगामा हो गया। कई सवाल खड़े होने लगे कि आखिर जिस शख्स को सिर्फ पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था उसकी कुछ ही देर में मौत कैसे हो गई।
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। हंगामे के बाद पुलिस दोबारा आई और व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। मृतक की पहचान पोला माझी के रूप में हुई है। भंडरिया थाने के एसआई और चौकीदार पोला मांझी को किसी केस के बारे में पूछताछ के लिए थाने ले गए थे और फिर एक-डेढ़ घंटे के बाद उसे मृत अवस्था में लौटाया। ग्रामीण पुलिस पर हत्या का आरोप लगा रहे है।
मामले को लेकर पुलिस का बयान
भंडरिया थाना के एसआई श्रवण कुमार के अनुसार व्यक्ति को जब पूछताछ के लिए थाने लाया जा रहा था। रास्ते में ही उसकी तबीयत खराब हो गई थी। इलाज के बाद परिजनों के साथ उन्हें घर भेज दिया गया। बाद में पता चला कि उनकी मौत हो गई। मौत का कारण क्या है यह तो पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। इसकी जांच लिए मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई है। वहीं डॉक्टर का कहना है कि पुलिस बेहोशी की हालत में उस व्यक्ति को अस्पताल लाई थी। इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया गया था।