द फॉलोअप टीम, बिलासपुर:
कोरोना काल का प्रभाव शादियों में खूब देखने को मिला। कई लोगों ने तो अपनी शादी ही टाल दी तो कुछ लोगों ने सीमित लोगों के बीच शादी की। पर कुछ लोगों इसके लिए वर्चुअल स्पेस का सहारा लिया। ऐसी एक ऑनलाइन शादी छतीसगढ़ में काफी चर्चा में है। बिलासपुर की हर्षिता की शादी कुछ अलग अंदाज में हुई। देश से दूर स्वीडन में इनकी ऑनलाइन शादी हुई। पंडित बिलासपुर से मंत्र पढ़कर वर-वधू को शादी के नियम समझा रहे हैं। परिजन दोनों को घर से ही आशीर्वाद दे रहे थे।
बार-बार टल रही थी शादी
हर्षिता की शादी लॉक डाउन की वजह से बार बार टल रही थी। इसलिए परिवार ने हाइटेक शादी करने का निर्णय लिया। रविवार को स्वीडन में हर्षिता और रोहित जोशी की शादी हो गईं।100 रिश्तेदार घरों से लाइव शादी में शामिल हुए। हर्षिता के पिता पप्पू तिवारी ने कहा कि बेटी और दामाद दोनों ही स्वीडन में टीसीएस में काम करते हैं। दोनों ने साथ में पढ़ाई की और साथ में नौकरी की। 2020 में हर्षिता और रोहित की इंडिया में 18 अक्टूबर को सगाई हुई।
चार घंटे का फर्क
दोनों देशों के टाइमिंग में तीन से चार घंटे का फर्क है। बिलासपुर में भारत की टाइमिंग के मुताबिक रात 7:30 बजे से शादी की रस्में शुरू हुईं। पंडित बिलासपुर से ही मंत्रो का उच्चारण कर रहे थे। हर्षिता और रोहित पंडित की बताई रस्मों को फॉलो करते रहे। ढ़ाई घंटे में विवाह संपन्न हुआ। हर्षिता और रोहित ने स्वीडन में दिन की रोशनी में जश्न मनाया। यहां बिलासपुर में परिवार ने घर पर दावत का मजा लिया।