logo

तूल पकड़ता जा रहा है पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मामला, जानिए! किसने क्या कहा

8364news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 
जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अलग-अलग पार्टियों की तरफ से पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सवाल उठाया जा रहा है। विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने ट्वीट कर पप्पू यादव की गिरफ्तारी को असंवेदनशील फैसला बताया है। मुकेश साहनी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए। 

मुकेश साहनी ने किया गिरफ्तारी का विरोध
मुकेश साहनी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि जनता की सेवा ही धर्म होना चाहिए। सरकार को अपने जन प्रतिनिधि, सामाजिक संस्था और कार्यकर्ता को आमजन की सहायता के लिए प्रेरित करना चाहिए। जनप्रतिनिधि को भी कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए कार्य करना चाहिए। ऐसे समय में सेवा में लगे पप्पू यादव की गिरफ्तारी असंवेदनशील है। 

रंजीत रंजन ने पप्पू यादव की रिहाई की मांग की
पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन ने भी गिरफ्तारी का विरोध किया। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश जी। लॉकडाउन के उल्लंघन में गिरफ्तारी का कोई प्रावधान नहीं है। पप्पू यादव जी को तत्काल रिलीज किया जाए। हम सब मिलकर इस वैश्विक महामारी से लड़ें और मानवता को बचाएं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी विरोध दर्ज करवाया। 

जीतनराम मांझी ने कहा कि गिरफ्तारी गलत है
जीतनराम मांझी ने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि दिन रात जनता की सेवा करे और उसके एवज में उसे गिरफ्तार किया जाए तो ऐसी घटना मानवता के लिए काफी खतरनाक है। न्यायिक जांच को तब ही कोई कार्रवाई होनी चाहिए। जीतनराम मांझी ने लिखा कि ऐसी घटना से जनाक्रोश होना लाजिमी है। इस बीच पप्पू यादव ने भी सिलसिलेवार ट्वीट कर बिहार सरकार पर सवाल उठाया है।