द फॉलोअप टीम, कटकः
कहते हैं अगर आप किसी की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते हैं तो एक ना एक दिन आपको इसका फल जरूर मिलता है। ऐसा ही कुछ हुआ है उड़ीसा कटक के सूताहाट इलाके में रहने वाले एक रिक्शा चालक के साथ। रिक्शा चालक का नाम बुध्दा सामल है, सामल अब करोड़ो की संपत्ति का मालिक है, एक बेसहारा वृद्ध महिला ने अपनी सारी संपत्ति सामल के नाम कर दी है। क्योंकि कई वर्षों तक सामल ने नि:स्वार्थ भाव से महिला की सेवा की। हर मुसीबत में उनका पूरा साथ दिया। संपत्ति में तीन मंजिला मकान, सोना-चांदी के जेवर आदि शामिल हैं।
कौन है बुजुर्ग महिला
यहां जिस महिला की चर्चा हो रही है, वह कटक के सूताहाट इलाके की रहने वाली हैं, नाम है मीनती पटनायक (63)। उनकी एक बेटी भी थी। घर-परिवार में सबकुछ ठीक था, कि अचानक वर्ष 2020 में उनके पति का निधन हो गया। छह महीने के बाद ही बेटी कोमल की भी दिल के दौरे से मौत हो गई। इससे मीनती पूरी तरह टूट चुकी थीं । सेवा तो दूर की बात थी कोई उनका हालचाल तक नही लेता था। सामल कई वर्षों से इस परिवार से जुड़े हुए थे। बचपन में कोमल को स्कूल ले जाने से लेकर अस्पताल-बाजार सभी काम वही करते थे। इस मुसिबत में भी सामल ने मीनती का साथ नहीं छोड़ा।

सेवा से खुश हो गई मिनती
मीनती ने सामल व उनके परिवार की सेवा से खुश होकर सारी संपत्ति उसके नाम कर दी। मीनती ने कहा कि सामल ने मेरे परिवार की काफी सेवा की है। इसलिए मैंने यह फैसला किया । ताकि मेरे मरने के बाद उसे कोई परेशान नहीं कर सके। मेरी बहन मेरे इस फैसले के खिलाफ है। लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता । मेरी बेटी की मौत के बाद किसी भी रिश्तेदार ने मेरा साथ नही दिया था।