द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
मॉडर्न मार्केटिंग के जनक कहे जाने वाले शिक्षाविद प्रोफेसर फिलिप कोटलर ने कहा कि यह पृथ्वी हमारी हितैषी है। इसलिए कंपनियों को अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सब्लिटी में पारदर्शिता लाकर इस दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। अब कंपनियों को यह सोचने की जरूरत है कि वे समाज में लोगों की भलाई और खुशी कैसे बढ़ा सकते हैं।
कंपनिया हितधारक की भी भूमिका निभाएं
अब समय आ गया है कि कंपनियां अब शेयरधारकों से आगे बढ़कर हितधारक की भूमिका में आएं। इसमें कोई शक नहीं कि किसी भी व्यवसाय को मजबूत आधार देने में शेयरहोल्डर्स की भूमिका बड़ी होती है। हमें लाभ-हानि से थोड़ा ऊपर उठकर यह भी सोचने की जरूरत है कि इस दुनिया को हम कैसे बेहतर बना सकते हैं जहां हम स्वस्थ रूप से रह सकें और एक बेहतर दुनिया अपनी अगली पीढ़ी को सौंप सकें। वर्तमान परिदृश्य में कंपनियों को इस बात पर जोर देना चाहिए कि वे कैसे कर्मचारियों से लेकर विक्रेताओं, एजेंसियों से लेकर ग्राहकों तक हरेक को समान रूप से देखने का मूल्य अपने सभी हितधारकों में पैदा करे।
जगन्नाथ इंटरनेशनल मैनेजमेंट स्कूल का 17वां वेबिनार
प्रो कोटकर 'पोस्ट कोविड वर्ल्ड में पुनर्प्राप्ति (Retrieval), लचीलापन (Resilience) और पुनर्रचना (Re-modelling) में मैनेजमेंट की रणनीतियां' विषय पर हुए एक वेबिनार में बोल रहे थे। आयोजन जगन्नाथ इंटरनेशनल मैनेजमेंट स्कूल के वसंत कुंज ब्रांच का यह 17वां अंतरराष्ट्रीय वेबिनार था। उन्होंने कहा कि वही बिजनेस अंततः समृद्धि की ओर बढ़ता है जो इस तरह के जागरूक नेतृत्व पैदा करता है, जो इन पहलुओं को नजरअंदाज करता है, वह आखिरकार बाजार में अपनी जगह खो देता है। उन्होंने कुछ बड़े व्यावसायिक घरानों के उदाहरण दिए और समाज के लिए बेहतर करने की उनकी फिलॉसिफी की चर्चा की। अपने कई उदाहरणों के जरिए कोटकर ने एक बेहतर कंपनी कल्चर बनाने की जरूरत को रेखांकित किया।
इनोवेशन की जरूरत पर दिया गया बल
मुख्य अतिथि के तौर पर वेबिनार में मौजूद रोहित खोसला ने अपनी होटल कंपनी के केस स्टडी शेयर करते हुए अपनी बात रखी। मौके पर जिम्स के चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता ने इनोवेशन की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें इनोवेशन का समर्थन करने वाली संस्कृति पैदा करने की जरूरत है। इसके लिए चुस्त होना भी जरूरी है और लचीले होने का गुण भी होना चाहिए। ऐसे समय में उद्यमशील मानसिकता का होना बेहद जरूरी है। वेबिनार में डॉ. मुनीश जिंदल, लुक डेवुल्फ टेडक्स, नीरज वालिया, डॉ. वियोला एडवर्ड, संजय भान, जस्टिन पॉल और सैन जुआन भी बतौर वक्ता शरीक हुए।