logo

मिग-21 हादसा: गड़बड़ी का अंदेशा होते ही कूद गए थे पायलट अभिनव चौधरी, गर्दन टूटने से हो गई मौत

8742news.jpg
द फॉलोअप टीम, लुधियाना: 
पंजाब के मोगा जिला में दुर्घटनाग्रस्त होने वाले मिग-21 विमान के पायलट अभिनव चौधरी की मौत हो गई। शुक्रवार को पायलट अभिनव चौधरी का शव विमान गिरने वाली जगह से 2 किमी दूर मिला। आरंभिक जांच में पता चला है कि ऊंचाई से गिरने की वजह से पायलट के गर्दन की हड्डी टूट गयी थी। 

मोगा के लंगियान गांव में गिरा था विमान
जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात पंजाब के मोगा जिला स्थित लंगियाना गांव के खेतों में लड़ाकू विमान मिग-21 लहराता हुआ गिरा। गिरते ही विमान में आग लग गई। गांव वाले वहां इकट्ठा हो गए और वीडियो बनाने लगे। पता चला कि विमान में पायलट नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पायलट की तलाश शुरू की। पता चला कि विमान को अभिनव चौधरी नाम के ट्रेनी पायलट उड़ा रहे थे। उनका पता नहीं चला। 

दुर्घटनाग्रस्त विमान से 2 किमी दूर मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक पायलट अभिनव चौधरी ने मिग-21 के साथ राजस्थान के सूरतगढ़ एयरबेस से पंजाब के सिद्धवां खुर्द रेंज के लिए उड़ान भरी थी। मोगा के गांव लंगियाना के पास पहुंचते ही पायलट को लगा कि विमान में कुछ गड़बड़ है। पायलट ने छलांग लगा दी और उनका विमान खेतों में जा गिरा। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पायलट की खोजबीन शुरू हुई। हादसे के कई घंटो बाद पायलट का शव मिला। गर्दन टूट जाने की वजह से उनका निधन हो गया। 

मोगा एसपी ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
इस पूरे मामले में अब मोगा जिला के पुलिस अधीक्षक गुरदीप सिंह का बयान आया है। उन्होंने कहा कि ये एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। ग्रामीण भी सहायता के लिए पहुंचे थे। वायुसेना की मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची थी। पायलट का शव विमान गिरने वाली जगह से 2 किमी दूर मिला। इंडियन एयरफोर्स की टीम ने पायलट को मृत घोषित कर दिया।