द फॉलोअप टीम, रांची:
हिन्दू धर्म की पुरातन परंपरा के अनुसार पितृ पक्ष अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि से शुरू होकर अश्विन मास की अमावस्या तक होते हैं। इस साल पितृ पक्ष 20 सितम्बर से शुरू हो रहा है। जिसका समापन 6 अक्टूबर को होगा। हिन्दू धर्म में पितृ पक्ष का अपना ही महत्व है। जिसमें लगातार 15 दिनों तक अपने पूर्वजों को उनके तिथि पर याद करते हुए उनकी आत्मा को तर्पण, श्राद्ध कर्म और ब्राह्मण आदि को दान देकर उनकी आत्मा को तृप्त किया जाता है।

पितृ पक्ष को लेकर ये है पुरानी मान्यता
पितृ पक्ष को लेकर गांवों आदि में एक पुरानी मान्यता यह भी है कि पितृ पक्ष के वक़्त पूर्वज धरती पर होते हैं। इस दौरान अगर उनकी पूजा-अर्चना में पवित्रता और बाकि चीज़ों का ख्याल नहीं रखा गया तो पूर्वज नाराज होकर अतृप्त हीं वापस लौट जाते हैं। ब्राह्मण पंडितों का ये भी मानना है कि अतृप्त होने पर यही पूर्वज अपने वंशजों को श्राप देतें है और अपने वंशजों के खुश होने पर बदले में ढेर सारा आशीर्वाद दे जातें हैं।

पितृ पक्ष के नियमों के बारे में इन बातों का रखें ध्यान
1. पितृ पक्ष में श्राद कर्म हमेशा दिन में ही करनी चाहिए। ब्राह्मण देवताओं को भोजन आदि भी दोपहर में ही करनी चाहिए। एक पुरानी मान्यताओं के अनुसार पंचबलि भोग का अपना एक विशेष महत्व है जिसमे गाय, कौआ, कुत्ते, देव और चीटी आदि को भोग करना चाहिए।
2. ब्राह्मण देवताओं की मानें तो लोहे के बर्तन में इस दौरान भोजन बिलकुल भी नहीं बनाने चाहिए वार्ना इसका प्रतिकूल दुष्प्रभाव संपूर्ण परिवार पर ही पड़ता है।
3. पितृ पक्ष के समय कुल 15 दिनों तक दाढ़ी-बाल नहीं बनाने की भी मान्यता है, शास्त्रों में इस दौरान इत्र लगाने की सख्त मनाही होती है।
4. पितृ पक्ष के दौरान कोई भी शुभ काम नहीं करना चाहिए, ना हीं इस दौरान शादी-ब्याह जैसा कोई आयोजन किया जाना चाहिए।
5. एक पुरानी मान्यता ये भी है की दरवाजे पर आये किसी भी भिक्षुक को खाली हाथ नहीं लौटाना चाहिए।