logo

सरदार पटेल की प्रेरणा से भारत आंतरिक और बाहरी चुनौतियों से निपटने में सक्षम: प्रधानमंत्री मोदी

सरदार पटेल की प्रेरणा से भारत आंतरिक और बाहरी चुनौतियों से निपटने में सक्षम: प्रधानमंत्री मोदी

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

आज लौह पुरुष और आजाद भारत में गठित पहले अंतरिम सरकार में गृहमंत्री रहे सरदार वल्लभभाई पटेल (Sardar Vallabhbhai Patel ) की जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए प्राणों की आहुति देने वाले सरदार पटेल को आज देश श्रद्धांजलि दे रही है। सरदार पटेल ना केवल इतिहास बल्कि वर्तमान में भी सभी भारतवासियों के दिलों में बसते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमें सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाना है। 

भारत महज भौगोलिक इकाई नहीं है
पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि भारत महज एक भौगोलिक इकाई नहीं है बल्कि ऐसा राष्ट्र है जो आदर्शों, संकल्पों, सभ्यता, संस्कृति के मानकों से भरा है। जिस भूमि पर 135 करोड़ भारतीय रहते हैं वो हमारी आत्मा, हमारे सपनों और हमारी आकांक्षाओं का अभिन्न हिस्सा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सरदार पटेल की प्रेरणा से हिंदुस्तान बाहरी और आंतरिक सभी प्रकार की चुनौतियों से निपटने में सक्षम होता जा रहा है। पीएम ने कहा कि देश को पिछले 7 सालों में दशकों पुराने अवांछित कानूनों से छुटकारा मिला। पीएम ने कहा कि भारत के समाज और परंपराओं में विकसित लोकतंत्र की मजबूत नींव ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को समृद्ध किया है। हमें याद रखना चाहिए कि नाव में बैठे सभी यात्रियों को नाव की देखभाल करनी चाहिए। एकजुट रहेंगे तभी आगे बढ़ सकते हैं. 

एकजुटता से ही सारा लक्ष्य पूरा होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हम एकजुट रहें। सरदार पटेल हमेशा चाहते थे कि भारत मजबूत, समावेशी, संवेदनशील, सतर्क, विनम्र और विकसित हो। सरदार पटेल ने हमेशा राष्ट्र हित को महत्व दिया। पीएम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता को पोषित करने वाले आदर्शों को नई ऊंचाइयां दी गई हैं। जम्मू कश्मीर हो, पूर्वोत्तर हो या हिमालय का कोई गांव। आज सभी प्रगति पथ पर है। देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास भौगोलिक और एतिहासिक दूरियों के बीच खाई को कम कर रहा है। पीएम ने कहा कि दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचने से दिलों के बीच की दूरी भी कम होगी। इसकी बदौलत राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा मिलेगा। 

राष्ट्रीय एकता के लिए दिलों की नजदीकी
पीएम मोदी ने कहा कि हम जितना ज्यादा से ज्यादा सुदूरवर्ती इलाकों तक पहुंचेंगे लोगों के बीच दिलों की दूरी कम होगी। पीएम ने कहा कि संपर्क से राष्ट्रीय एकता की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा। पीएम ने कहा कि जल, थल, आकाश और अंतरिक्ष सहित हर मोर्चे पर भारत की ताकत और संकल्प अभूतपूर्व है। हम विकास पथ पर तेजी से अग्रसर हैं। 

हित सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भर मिशन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने अपना हित सुरक्षित करने के लिए आत्मनिर्भर के एक नये मिशन की यात्रा शुरू की है। इस समय के दौरान हमें सरदार पटेल की ये कहावत याद रखनी होगी कि सामान्य प्रयास से, हम देश को नई महानता तक ले जा सकते हैं, जबकि एकता की कमी हमें आपदाओं का सामना करने की परिस्थिति में डाल देगी।