द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
आज बुद्ध पुर्णिमा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुद्ध पुर्णिमा के मौके पर आयोजित वर्चुअल वेसाक वैश्विक समारोह को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में पचास से भी ज्यादा देशों के बौद्ध धर्मावलंबी वर्चुअली जुड़े थे। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कोरोना महामारी, वैक्सीनेशन, बौद्ध धर्म की शिक्षाओं और जलवायु परिवर्तन पर अपना पक्ष रखा। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे वक्त में जब हिंसा के सहारे ताकत हासिल करने की कोशिश की जा रही है, बुद्ध की शिक्षा काफी अहम है।
शांति और सद्भाव पर आधारित था बौद्ध का दर्शन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन शांति, सद्भाव और सह-अस्तित्व के बारे में था। आज भी ऐसी ताकतें हैं जिनका अस्तित्व, नफरत, आतंक और नासमझ तरीके से हिंसा फैलाने पर निर्भर करता है। ऐसी ताकतें उदार लोकतांत्रिक सिद्धातों पर विश्वास नहीं करती हैं। मानवता को भगवान बुद्ध के विश्वासों को लेकर एक साथ आना चाहिए और आतंक को मिलकर हराना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि हिंसा के विचार को केवल अहिंसा, सद्भाव, प्रेम और सहअस्तित्व की अवधारणा से हराया जा सकता है। पीएम मोदी ने फ्रंटलाइन वर्कर्स का शुक्रिया अदा किया।
कोरोना फ्रंटलाइन को पीएम मोदी ने किया सलाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि हमारे फ्रंटलाइन वर्कर्स जिसमें हेल्थकेयर वर्कर्स, डॉक्टर, नर्स और सफाईकर्मी शामिल हैं। इन्होंने दूसरों की निस्वार्थ सेवा के लिए अपनी जिंदगी जोखिम में डाली है। हमें सलाम करना चाहिए उन लोगों को जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने प्राणों का बलिदान करने वाले सभी फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए शोक व्यक्त करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि हमें इनका सम्मान करना चाहिए।
पेरिस जलवायु समझौता के लक्ष्यों के करीब भारत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत उन कुछ बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है जो पेरिस जलवायु समझौता के तहत निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की राह पर है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सतत पोषणीय विकास केवल कहने की बात नहीं है बल्कि हमने धरातल पर भी ये कर दिखाया है। पीएम मोदी ने कहा कि मानवता के समक्ष कई चुनौतियां हैं। जलवायु परिवर्तन हो रहा है। मौसम का मिजाज बदलने लगा है। ग्लेशियर पिघलने लगे हैं। नदियां और जंगल खतरे में हैं। हम अपने ग्रह को घायल नहीं रहने दे सकते। पीएम ने कहा कि हमें इसका समाधान तलाशना होगा।
वैज्ञानिकों का शुक्रिया जिन्होंने वैक्सीन बनाया
पीएम मोदी ने कहा कि पिछला 1 साल काफी मुश्किल भरा रहा है। लोगों ने असीमित दुख देखा है। ऐसे वक्त में कई व्यक्तियों और संगठनों ने आगे आकर लोगों का दुख कम करने का प्रयास किया है। पीएम ने कहा कि दुनियाभर के बौद्ध संगठनों, बौद्ध धर्म के अनुनायियों ने काफी प्रयास किया है। पीएम मोदी ने कहा कि अब हमारे पास महामारी से लड़ने के लिए कहीं ज्यादा बेहतर रणनीति है। हमारे पास वैक्सीन है जो जान बचाने और महामारी को हराने में काफी महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी ने कहा कि हिंदुस्तान को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है जिन्होंने कोविड वैक्सीन पर काम किया।