logo

PM मोदी और रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा 'हैप्पी बर्थडे', क्या! इसका सियासी मतलब भी है..

11706news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। केवल झारखंड ही नहीं बल्कि देश भर से मुख्यमंत्री को बधाई संदेश दिया जा रहा है। इस बीच एक दिलचस्प बात हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी है। यही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और रांची से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी है। जाहिर है कि मुख्य विपक्षी पार्टी के इतने महत्वपूर्ण नेता मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दें तो उसके सियासी मायने भी निकाले जाएंगे। मुख्यमंत्री को किसने क्या कहा, ये जानते हैं। इसके सियासी मायने क्या हैं। 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए लिखा कि झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी लंबी उम्र औऱ अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। खुद प्रधानमंत्री का एक ऐसे मुख्यमंत्री को बधाई देना जहां उनकी पार्टी मुख्य विपक्षी हो, जाहिर है कि इसके सियासी मतलब निकाले जाएंगे। बता दें कि कोरोना काल में जब प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक हुई थी तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का वो ट्वीट काफी वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि पीएम ने केवल अपने मन की बात की। 

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पीएम को शुक्रिया कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई बधाई का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जवाब भी दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा कि धन्यवाद प्रधानमंत्री जी आपकी शुभकामनाओं के लिए। गौरतलब है कि यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा और बीजेपी झारखंड में मुख्य विपक्षी पार्टियां हैं। झामुमो सत्ता में है तो वहीं बीजेपी मुख्य विपक्षी पार्टी है। बीजेपी यहां सरकार के कामकाज पर लगातार तीखा हमला बोलती रहती है। हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा को कभी भी महंगाई, रोजगार या कोविड कुप्रबंधन को लेकर बीजेपी के खिलाफ सीधा हमला बोलते नहीं देखा गया। झारखंड में ही उसकी सहयोगी कांग्रेस लगातार महंगाई के मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ सड़क पर है लेकिन झामुमो केवल प्रेस कांफ्रेंस के जरिए इतिश्री कर लेती है। 

 

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी कहा हैप्पी बर्थडे सीएम
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी। रघुवर दास ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ईश्वर से आपके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। रघुवर दास की भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई देना लोगों को कुछ अलग लग रहा है। राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रघुवर दास के बीच नियोजन नीति और हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर जारी तल्खी किसी से छिपी नहीं है। अब जाहिर है कि इसका सियासी मायना निकाला जाएगा। 

 

बीजेपी सांसद संजय सेठ ने मुख्यमंत्री को बधाई दी
रांची से भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय सेठ ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी। अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को जन्मदिन की बधाई दी। पहाड़ी बाबा से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। ढेर सारी शुभकामनाएं। बीजेपी के तीन बड़े नेताओं का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई देना काफी अहम है। हाल ही में झारखंड में विधायक खरीद-फरोख्त प्रकरण के बाद तो ये और भी ज्यादा अहम हो जाता है। ये पूरा मामला क्या है, संक्षेप में ये भी आपको समझा देते हैं। 

 

जब 2 हफ्ते पहले गर्मा गई थी झारखंड की सियासत
गौरतलब है कि झारखंड की सियासत 2 हफ्ते पहले उस समय गर्मा गई थी जब पुलिस ने विधायकों की खरीद-फरोख्त और झारखंड की मौजूदा हेमंत सरकार को गिराने की साजिश रचने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आगे कांग्रेस के 11 विधायकों का नाम सामने आया जिन्होंने कथित तौर पर हेमंत सरकार को गिराने की साजिश की थी। ये भी कहा गया कि उनमें से कुछ विधायकों ने दिल्ली में महाराष्ट्र बीजेपी के 2 बड़े नेता और और 1 केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की थी। दावा किया गया था कि विधायकों से 1-1 करोड़ रुपये में डील फिक्स हुई थी। डॉ. इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला जैसे विधायकों का नाम इसमें सामने आया। इस दरम्यान झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच तल्खी भी दिखी। ये तल्खी हॉर्स ट्रेडिंग प्रकरण से पहले भी देखी गई थी। 

वो घटनाक्रम जिसकी वजह से निकलेंगे सियासी मायने
तो पहले दीपिका पांडेय सिंह, अंबा प्रसाद, पूर्णिमा नीरज सिंह जैसी विधायकों ने सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर उनकी बातों को अनसुना करने का आरोप लगाया। एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली भी गया। कांग्रेस के विधायक लगातार कानून व्यवस्था के मसले पर अपनी ही सरकार को घेरते हैं। फिर बीच में हॉर्स ट्रेडिंग प्रकरण सामने आया। कांग्रेस का लगातार केंद्र के खिलाफ मुखऱ होना लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा का केंद्र की किसी भी नीति के खिलाफ प्रत्यक्ष रूप से मुखर नहीं होना और अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास और संजय सेठ की तरफ से बधाई संदेश मिलना। इसके सियासी मायने निकाले ही जाएंगे।