द फॉलोअप टीम,दिल्ली:
भारत में पांच से 17 सिंतबर तक शिक्षक पर्व मनाया जा रहा है। मंगलवार को पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिक्षक पर्व सम्मेलन का उद्घाटन किया और शिक्षा के क्षेत्र में मल्टीपल की इनीशिएटिव की शुरुआत की। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज शुरू कर की गई पहल शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य को आकार देगी। इस पहल से स्कूल में गुणवत्ता मूल्यांकन ना केवल शिक्षा को प्रतिस्पर्धी बनाएगा बल्कि छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार भी करेगा।
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना जरूरी
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को अलीगढ़ में राजा महेंद्र सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी की आधारशिला भी रखेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि यूनिर्सिटी के बनने से स्थानीय छात्रों को लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को भटकना नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नए भारत का भविष्य गढ़ने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अति-आवश्यक है।

खिलाड़ियों के जीवन से छात्रों को प्रेरणा
पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने सभी ओलंपियन और पैरा-ओलंपियन से कहा कि वे आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए कम से कम 75 स्कूलों का दौरा करें। उनसे आग्रह किया है कि वे बच्चों के साथ मिलें और अपना अनुभव उनके साथ साझा करें। पीएम ने छात्रों से भी अपील की है कि वे ओलंपियन और पैरा-ओलंपियन खिलाड़ियों के संपर्क में रहें। पीएम ने कहा कि खिलाड़ी, स्कूलों में छात्रों से मिलेंगे। ये खिलाड़ी भविष्य में छात्रों को खेलों में संपर्क बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर सकते है। पीएम ने कहा कि खिलाड़ियों का संघर्ष छात्रों को काफी प्रभावित करेगा।

44 शिक्षकों को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
गौरतलब है कि शिक्षक दिवस के दिन देश भर के 44 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसमें वैसे शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने कोविड काल में सीमित संसाधनों के साथ जोखिम भरी परिस्थितियों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को बधाई देना चाहता हूं। आपने कठिन परिस्थितियों में काम किया। आपके प्रयास काफी सराहनीय हैं। प्रेरित करने वाले हैं।