द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में ऑक्सीजन की उपलब्धता पर चर्चा की गयी। पीएम ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि वैक्सीन, ऑक्सीजन और ऑक्सीजन से जुड़े उपकरणों के आयात पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी और हेल्थ सेस को तीन महीने के लिए हटा लिया जाए।
मंत्रालय और विभागों की सहभागिता जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि हॉस्पिटलों में मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की सप्लाई में वृद्दि की तत्काल जरूरत है। घर सहित हॉस्पिटल में भी मरीजों की जरूरतों को पूरा करने के लिए ऑक्सीजन से जुड़े उपकरणों की जरूरत है। पीएम ने ऑक्सीजन और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी मंत्रालयों और विभागों को साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सबका सहयोग जरूरी है।
कस्टम से डीलिंग के लिए नोडल अधिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्व विभाग से कहा कि ऑक्सीजन और ऑक्सीजन उपकरणों को क्लियरेंस देने के लिए तत्काल फैसला लिया जाए। इस काम में देरी ना किया जाए। बैठक में सरकार ने वैक्सीन के आयात पर लगने वाली बेसिक ड्यूटी को भी खत्म करने का फैसला किया। ये फैसला तीन महीने तक प्रभावी रहेगा। इसके लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गयी है।
भारत में जारी है वैक्सीनेशन अभियान
केंद्र सरकार के नए फैसले से ऑक्सीजन और वैक्सीन की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित हो पाएगी। वैक्सीन भी समय पर राज्यों तक पहुंच सकेगा। वैक्सीनेशन अभियान के तहत भारत में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का कोविशील्ड और भारत बायोटैक की कोवैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है।