logo

हिंदुस्तान के प्रत्येक जिले में बनेगा कम से कम 1 मेडिकल कॉलेज, बढ़ेगी स्वास्थ्य सुविधा: पीएम मोदी

हिंदुस्तान के प्रत्येक जिले में बनेगा कम से कम 1 मेडिकल कॉलेज, बढ़ेगी स्वास्थ्य सुविधा: पीएम मोदी

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य देश के प्रत्येक जिले में कम से कम 1 मेडिकल कॉलेज की स्थापना करना है। पीएम मोदी ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए ये बात कही। पीएम यहां स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की उपलब्धियों की चर्चा कर रहे थे। पीएम ने कहा कि करीब सात साल पहले तक देश के कुछ ही राज्यों में एम्स था लेकिन अब देश में 22 एम्स हॉस्पिटल हैं। 

देश के प्रत्येक राज्य में बनवाया एम्स हॉस्पिटल
पीएम ने कहा कि सात साल पहले महज कुछ ही राज्यों में एम्स अस्पताल हुआ करता था। लोग इलाज के लिए दिल्ली की राह देखते थे लेकिन हमारी सरकार ने इस दिशा में तेजी से काम करते हुए प्रत्येक राज्य में एम्स हॉस्पिटल की स्थापना की। पीएम ने कहा कि ना केवल एम्स अस्पताल बल्कि हमारी सरकार ने तय किया है कि देश के प्रत्येक जिले में कम से कम 1 मेडिकल कॉलेज की स्थापना होनी चाहिए ताकि स्वास्थ्य सुविधा को लेकर क्रांति हो सके। 

उत्तराखंड के विकास में अटल जी का योगदान
उत्तराखंड के विकास में भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड के निर्माण का सपना पूरा किया। अटल जी का मानना था कि कनेक्टिविटी का विकास से सीधा रिश्ता है। उनकी प्रेरणा से आज राज्य में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर औऱ कनेक्टिविटी का विकास हो रहा है। पीएम ने कहा कि आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती कि लोग आएं,अपनी परेशानी बताएं और तब कार्रवाई हो। हम सरकार के विचार औऱ सिस्टम से उस प्रथा को समाप्त कर रहे हैं. आज सरकार सीधे जनता तक उनकी समस्या का समाधान करने पहुंच रही है। 

पीएम ने वैक्सीनेशन अभियान की तारीफ की
पीएम ने वैक्सीनेशन की भी चर्चा की। कहा कि भारतीयों के लिए ये गर्व का विषय है कि 93 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है। बहुत जल्द ये आंकड़ा 100 करोड़ नागरिकों की संख्या को पार कर जायेगा। पीएम ने कहा कि हमने कोविन सिस्टम के जरिए पूरी दुनिया को दिखाया कि कैसे हमने वैक्सीनेशन में कामयाबी हासिल की।  पीएम ने कहा कि भारत सामान्य दिनों में भी प्रतिदिन 900 मीट्रिक टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन का उत्पादन करता है। उन्होंने कहा कि जब डिमांड बढ़ी तो भारत में क्षमता से 10 गुणा ज्यादा लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन किया गया