logo

पीएम मोदी ने राज्य सरकार को पत्र लिखा, कहा रांची में एम्स खोलने की दिशा में हो पहल

पीएम मोदी ने राज्य सरकार को पत्र लिखा, कहा रांची में एम्स खोलने की दिशा में हो पहल

द फॉलोअप टीम, रांची:

28 जुलाई 2021 को रांची के सांसद संजय सेठ ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। उन्होने पीएम से आग्रह किया था कि रांची में एम्स शुरू किया जाए। इस आग्रह के बाद पीएम मोदी ने इस पर संज्ञान लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है और एम्स खोलने की दिशा में पहल करने को कहा है। उस पत्र के आलोक में झारखंड सरकार के उद्योग निदेशक जितेंद्र कुमार ने अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को पत्र लिखकर रांची में एम्स की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा है। 


जल्द जमीन चिन्हित हो
जितेंद्र कुमार ने अपर मुख्य सचिव को कहा है कि प्रधानमंत्री ने एम्स की स्थापना पर विचार किया है। इसलिए एम्स की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर सूचित करें। इस बाबत सांसद  संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि इस दिशा में त्वरित कार्यवाही करते हुए अविलंब जमीन चिन्हित कर केंद्र का सरकार को सूचित किया जाए ताकि यहां जल्द से जल्द एम्स की स्थापना हो सके।

क्या कहा था सांसद ने
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद ने उनसे आग्रह किया था कि रांची में एम्स की आवश्यकता महसूस हो रही है। ऐसी परिस्थिति में यहां एम्स खोलने पर विचार किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया था कि रांची झारखंड की राजधानी है इसलिए बड़ी संख्या में पूरे राज्य के लोग उपचार के लिए यहां आते हैं। झारखंड के आसपास के राज्यों से भी नागरिक अपने उपचार के लिए रांची आते हैं। नागरिकों को रांची में बेहतर उपचार, कम खर्च पर उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से एम्स की स्थापना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री को एम्स की स्थापना से संबंधित और इसकी आवश्यकता पर कई अन्य बिंदुओं से भी अवगत कराया था।