logo

पीएम मोदी का घट रहा है क्रेज! प्रधानमंत्री के US दौरे को अमेरिकी मीडिया ने नहीं दी तवज्जो 

पीएम मोदी का घट रहा है क्रेज! प्रधानमंत्री के US दौरे को अमेरिकी मीडिया ने नहीं दी तवज्जो 

द फॉलोअप टीम, रांची:

प्रधानमंत्री मोदी 3 दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे। पीएम मोदी वहां क्वाड समिट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। पीएम मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि हालिया अमेरिकी चुनाव के बाद वहां सत्ता परिवर्तन हुआ है। रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप सत्ता से बाहर हो गए और डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन की ताजपोशी हुई। जो बाइडेन के राष्ट्रपति बनने के बाद पीएम मोदी का ये पहला अमेरिका दौरा है। पीएम मोदी और जो बाइडेन की पहली मुलाकात भी। उम्मीद जाहिर की जा रही थी कि मीडिया में इस मुलाकात की खासी चर्चा होगी। भारतीय मीडिया में तो इसकी खूब चर्चा है लेकिन अमेरिकी मीडिया ने इसको कोई खास तवज्जो नहीं दी। 

ना बाइडेन ना कैबिनेट मंत्री ने किया पीएम का स्वागत
गौरतलब है कि पीएम मोदी गुरुवार को तड़के तकरीबन साढ़े 3 बजे वॉशिंगटन पहुंचे। हैरानी की बात है कि भारतीय राष्ट्राध्यक्ष का स्वागत करने के लिए ना तो राष्ट्रपति जो बाइडेन पहुंचे और ना ही उनके कैबिनेट का कोई मंत्री। अलबत्ता, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से होटल बिलार्ड की तरफ जाते हुए, जहां पीएम मोदी को ठहराया गया है, भारतीय समुदाय के लोगों ने जरूर उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि पीएम मोदी जब पिछले अमेरिकी दौरे में वहां पहुंचे तो थे तात्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया था। एयरपोर्ट पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया था। लेकिन इस बार अमेरिकी मीडिया में पीएम मोदी के अमेरिका आगमन को कोई बड़ी कवरेज नहीं दी गई। भारत के एक निजी समाचार चैनल की पत्रकार ने वहां के समाचार पत्रों में पीएम से जुड़ी खबर ढूंढ़ी लेकिन इसे जगह नहीं दी गई थी। 

कमला हैरिस से पीएम की मुलाकात अमेरिकी मीडिया में नहीं
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गुरुवार को पहले पीएम मोदी ने पांच बड़ी कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की। इसके बाद पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मिले। स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात के बाद वॉशिंगटन के होटल बिलार्ड में प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल की अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की। अमेरिकी न्यूज वेबसाइट्स और समाचार पत्र, द वॉशिंगटन पोस्ट, एनबीसी न्यूज और द न्यूयॉर्क टाइम्स में से किसी ने भी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और पीएम मोदी के बीच हुई मुलाकात को जगह नहीं दी, जबकि इस मुलाकात में पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के बीच द्विपक्षीय व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भागीदारी पर चर्चा हुई थी। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने यहां कोविड समिट को भी संबोधित किया। 

कमला हैरिस ने पीएम मोदी से मुलाकात को ट्वीट नहीं किया
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया में पोस्ट की। अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर तस्वीरें पोस्ट की और कमला हैरिस को टैग करते हुए लिखा कि उनकी कामयाबी ने पुरी दुनिया को प्रेरणा दी है। पीएम ने लिखा कि हमने कई विषयों पर बात की जो भारत-अमेरिका की दोस्ती को और मजबूत करेंगे। पीएम ने ये भी लिखा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती साझा मूल्यों और सांस्कृति संबंधों पर आधारित है। पीएम ने तो कमला हैरिस के साथ मुलाकात की बात ट्विटर पर साझा की। टैग भी किया लेकिन हैरानी की बात है कि कमला हैरिस ने मुलाकात के 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी इस मुलाकात के संबंध में कोई ट्वीट नहीं किया। क्या वो भूल गईं! नहीं, दरअसल ये एक रणनीति का हिस्सा है। क्या ये पता चलेगा। 

मोदी-बाइडेन की मुलाकात भी अमेरिकी मीडिया का हिस्सा नहीं
पीएम मोदी का शुक्रवार को क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेना प्रस्तावित है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पीएम मोदी पहली बार आमने-सामने हैं। सम्मेलन की मेज पर ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापानी पीएम योशिहिदे सुगा भी होंगे। इसमें चारों देशों के विदेश मंत्रियों के अलावा उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी होंगे। क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क जाएंगे जहां उनको संयुक्त राष्ट्र महासभा में स्पीच देनी है। हैरानी की बात है कि क्वाड शिखर सम्मेलन में बाइडेन और मोदी के मुलाकात को भी अमेरिकी मीडिया ने कहीं जगह नहीं दी है। ये काफी हैरानी भरा है। 

प्रधानमंत्री मोदी का ये सातवां अमेरिकी दौरा है
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी का ये सातवां अमेरिका दौरा है। 26 मई 2014 से लेकर अब तक पीएम ने कुल 60 विदेशी दौरे किए हैं जिनमें 7 बार अमेरिका का दौरा किया है। पीएम अमेरिका के पूर्ववर्ती राष्ट्रपतियों बराक ओबामा और डोनाल्ट ट्रंप के समय में अमेरिका का दौरा कर चुके हैं। पहले कई मौकों पर पीएम मोदी का अमेरिकी राष्ट्राध्यक्षों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया लेकिन इस दौरे में वैसे गर्मजोशी नहीं दिखी। अमेरिकी राष्ट्राध्यक्ष और बाइडेन प्रशासन ने तो दिलचस्पी नहीं ही दिखाई, अमेरिकी मीडिया ने भी इसे पूरी तरह से नजरअंदाज किया। सवाल है कि इसकी वजह क्या हो सकती है। क्यों पीएम का अमेरिका दौरा अमेरिकी मीडिया में नहीं है। 

कहीं डोनाल्ड ट्रंप से ज्यादा दोस्ती भारी तो नहीं पड़ी!
साधारण शब्दों में कुछ वजहों को समझा जा सकता है। पीएम मोदी का पिछला अमेरिकी दौरा याद कीजिए। तब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हुआ करते थे। डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी ने हाउडी मोदी कार्यक्रम के तहत भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उस समय अमेरिका में चुनावी माहौल था। अगले कुछ ही महीनों में चुनाव होना था। ट्रंप को जीत का भरोसा था और शायद पीएम मोदी को उनसे ज्यादा भरोसा था। पीएम मोदी ने यहां नारा लगाया, अबकी बार ट्रंप सरकार। ये अबकी बार मोदी सरकार के नारे का अमेरिकी वर्जन था। जाहिर है कि ये डेमोक्रेटिक पार्टी को पसंद नहीं आया होगा जिसके राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन थे। यही नहीं, फरवरी 2020 में ट्रंप ने भारत का दौरा किया। अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में उनका स्वागत हुआ। इस आय़ोजन का लब्बोलुआब कुछ ऐसा था कि जैसे अमेरिकी चुनाव की कोई रैली हो। जाहिर है कि पूरी दुनिया इसे देख रही थी और डेमोक्रेटिक पार्टी भी। 

अमेरिकी चुनाव में भारत का झुकाव ट्रंप की तरफ था! 
नवंबर 2020 में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव हुआ। ये अमेरिकी इतिहास में सबसे विवादित राष्ट्रपति चुनाव था। ट्रंप हार रहे थे लेकिन स्वीकार करने को तैयार नहीं थे। उनके समर्थक तो व्हाइट हाउस में घुस आए। गोलीबारी हो गई। कैपिटल बिल्डिंग में पथराव और आगजनी हो गई। उम्मीदों के उलट डेमोक्रेटिक पार्टी भारी बहुमत से जीती। याद रहे कि उस चुनाव की कवरेज में भारतीय मेनस्ट्रीम मीडिया रिपब्लिक पार्टी की तरफ झुका हुआ था। आप शायद ना जानते हों। भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर में वैक्सीन की कमी हो गई थी। पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पुनावाल ने कहा था कि सरकार हमसे जितना उत्पादन करने को कह रही है, वो संभव नहीं है। 

दरअसल, भारत को वैक्सीन के लिए कच्चा माल अमेरिका से मिलना था। लगातार इसकी मांग अमेरिका से की जा रही थी लेकिन बाइडेन प्रशासन ने लंबे समय तक इसे रोके रखा। आखिरकार, कई बार कहने के बाद मार्च महीने के अंतिम सप्ताह से सप्लाई शुरू की गई तब वैक्सीन निर्माण में तेजी आई। अब, पीएम के दौरे के प्रति बाइडेन प्रशासन और अमेरिकी मीडिया की उदासीनता आप थोड़ा-थोड़ा समझ पाए होंगे। ऐसी उम्मीद है।