द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
देश की राजधानी से लगा हुआ है उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का लोनी इलाका।यह एनसीआर के अंतर्गत आता है। यहां एक मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद घटना के आरोपी को पकड़ लिया गया है। आरोप है कि 72 साल के बुजुर्ग अब्दुल समद सैफी पर कुछ लोगों ने हमला किया और उनसे जबरदस्ती ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाए। उनकी दाढ़ी काट दी। गाजियाबाद पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ कर लिया है। इनमें परवेश गुज्जर सहित कल्लू, पोली, आरिफ, आदिल और मुशाहिद शामिल हैं।
‘तावीज के चक्कर में हुआ झगड़ा’
इस झगड़े के पीछे की वजह ‘तावीज़’ को बताई जा रही है। गाजियाबाद पुलिस ने मामले में खुलासा किया। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग तावीज बनाता था। परवेश गुज्जर नाम के युवक को बुजुर्ग ने तावीज़ दी थी। युवक का आरोप है कि तावीज़ का उसपर उल्टा असर हो गया। युवक ने इसी गुस्से में अब्दुल समद की दाढ़ी काट दी और उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित अब्दुल समद ने थाना लोनी बॉर्डर पुलिस में मामला दर्ज कराया था। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी, अब्दुल समद सैफी को पहले जानते हैं जबकि पीड़ित अब्दुल समद सैफी कह रहे हैं कि उन्हें कुछ अनजान लोगों ने पीटा है।
क्या कहते हैं बुजुर्ग
बुजुर्ग का कहना है कि वह लोनी बॉर्डर के पास एक ऑटोरिक्शा से जा रहा था। इसके बाद उन्हें अगवा कर लिया गया। उन्हें जंगल में ले जाया गया। सुनसान जगह पर उनको मारना शुरू कर दिया। उसे दोनों तरफ से पकड़ लिया गया। फिर वह कहते है "मैं उनसे छोड़ देने की भीख मांगता रहा। इस दौरान मैं प्रार्थना कर रहा था। उन्होंने मुझसे कहा कि क्या तुम अल्लाह का नाम ले रहे हो? अब जय श्री राम बोलो. वह मुझे लगातार हंटर से मार रहे थे। साथ ही वह बार-बार जय श्री राम का नारा लगाने को भी कह रहे थे। मुझसे दर्द बर्दाश्त नहीं हो रहा था. उसके बाद वो एक कैची ले आए और मेरी दाढ़ी काट दी मैं अपनी जान को लेकर बहुत डरा हुआ था। मेरे एक परिजन का 19 मई को देहांत हो गया था। रमजान की वजह से मैं उनके परिवार से मिलने नहीं जा पाया। ऐसे में मैंने 5 जून को जाने का फैसला किया। दोपहर बाद तकरीबन 2.30 बजे मेरे पास एक ऑटो मेरे पास रुका। उन्होंने कहा कि वह मुझे नहर के रास्ते तक छोड़ देंगे। मैं अकेला था और ऑटो में कई लोग थे। वह जब मुझे पीट रहे थे तो लगातार कह रहे थे कि मुस्लिमों को संदेश जाना चाहिए। मैं उनसे लगातार भीख मांगता रहा कि मैं बूढ़ा हूं मुझे छोड़ दें। उन्होंने इस वीडियो को रेकॉर्ड किया और कहा कि वह मुस्लिमों के साथ ऐसा करेंगे। यह सब 4 घंटे तक चला और उसके बाद मुझे घर जाने दिया गया।
पुलिस का कहना
पुलिस ने बताया है कि पीड़ित अब्दुल समद 5 जून को बुलंदशहर से बेहटा, लोनी बॉर्डर आया। जहां से एक अन्य व्यक्ति के साथ मुख्य आरोपी परवेश गुज्जर के घर बंथला,लोनी गया था। परवेश के घर पर कुछ समय में अन्य लड़के कल्लू, पोली, आरिफ, आदिल और मुशाहिद आ गए। उन्होंने परवेश के साथ मिलकर अब्दुल समद के साथ मारपीट की। बुजुर्ग आरोपियों से पहले से परिचित थे क्योंकि अब्दुल समद ने कई लोग को तावीज दिया था। मामले के मुख्य अभियुक्त परवेश गुज्जर की गिरफ्तारी की जा चुकी है। 14 जून को अन्य दो अभियुक्तों कल्लू और आदिल की गिरफ्तारी की गयी है।