द फॉलोअप टीम, रांची:
आर्म्स सप्लायर होने के शक में रांची पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। दोनों को रांची के सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पास पकड़ा गया है। गिरफ्तार लोगों के पास से कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस दोनों से बुढ़मू थाना में पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों से कई अहम जानकारी मिली है। उनके निशानदेही के आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी टीपीसी उग्रवादियों को हथियार सप्लाई करने आने वाले हैं। एसएसपी ने मांडर, रातू और बुढ़मू थाना को मिलाकर एक टीम का गठन किया। गठित टीम ने ब्राम्बे स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पास दोनों को धर दबोचा। इसके बाद दोनों को बुढ़मू थाने ले आई। अभी तक उनसे पूठताछ की जा रही है। जिन ठिकानों के बारे में वे बता रहे हैं, वहां पुलिस छापेमारी कर रही है।