
(कई देशी-विदेशी मीडिया हाउस में काम कर चुके लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। संंप्रति ईयू-एशिया न्यूज के नई दिल्ली संपादक।)
नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।
पुष्परंजन, दिल्ली:
14 जुलाई 2021 को खबर आई कि प्रशांत किशोर 10 जनपथ में गांधी से मिलने पहुंचे हैं। उस बैठक में राहुल, प्रियंका, कांग्रेस के दो जनरल सेक्रेट्री के.सी. वेणुगोपाल और हरीश रावत उपस्थित थे। सोनिया गांधी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़ी थीं। बाहर यह कयासक्यारी चल रही थी कि प्रशांत किशोर कोई बड़ा पद कांग्रेस में हासिल करेंगे, फिर 2024 में पार्टी का बेड़ा पार समझिए। दिलचस्प है कि 28 जुलाई को ही त्रिपुरा से कांग्रेस के सात बड़े नेताओं ने टीएमसी ज्वाइन कर लिया था। पवन वर्मा से बाबुल सुप्रियो, कीर्ति आजाद से अशोक तंवर तक के टीएमसी ज्वाइन करने की पृष्ठभूमि खंगालेंगे, पर्दे के पीछे पीके की उपस्थिति दिखेगी। प्रशांत किशोर चुनावी रणनीतिकार वाले काम से ‘अवकाश प्राप्त’ हैं, मगर काम वही कर रहे हैं। नहीं करेंगे, तो राजनीति में पूछता कौन है? इस समय प्रशांत किशोर का सही सदुपयोग ममता बनर्जी कर रही हैं। ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के जो नारे पिछले सात साल से बीजेपी के ‘सेकेंड मैन इन कमांड’ अमित शाह के मुंह से हम सुनते आ रहे थे, उसपर ममता बनर्जी ने अमल करना आरंभ कर दिया है। तीन दिन पहले कांग्रेस को जोर का झटका घीरे से मेघालय में लगा है। 17 में से 12 विधायक टूट कर टीएमसी में शामिल हो गए। जिस समय शिलोंग में टूट की शिकार कांग्रेस हो रही थी, उसी समय विपक्षी एकता के नारे के साथ दिल्ली में 12 गुलाब के फूलों वाले बुके के साथ ममता बनर्जी कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी से बगलगीर हो रही थीं।

1976 से लेकर 2018 तक मेघालय में पंद्रह बार कांग्रेस की सरकार रही है। 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में 17 सदस्यीय कांग्रेस अब पांच सदस्यों वाली पार्टी बनकर रह गई है। तृणमूल कांग्रेस प्रतिपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है। बिना चुनाव लड़े, सदन में शून्य से 12 विधायकों को खड़ा कर लेने का करिश्मा रातभर में नहीं हुआ है। 2018 के मेघालय विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं, नेशनल पीपुल्स पार्टी को 19 । मगर वो जगे हुए थे, जोड़-तोड़ कर सरकार बना ली। कांग्रेस प्रतिपक्ष में होते हुए भी अपने विधायकों को खिसकने से बचा नहीं पाई। पहले 21 से 17 हुए, फिर 17 से पांच पर आ गए। चौबे से छब्बे नहीं बन पाए, दुबे बन कर रह गए। कांग्रेस को चौबे से दुबे बनाने की प्रक्रिया में प्रशांत किशोर का हाथ रहा है? इस प्रश्न का उत्तर स्वयं 10 साल मुख्यमंत्री रह चुके मुकुल संगमा ने दिया है। वो मानते हैं कि लगातार दिल्ली दरबार में दस्तक देने के बाद भी आलाकमान ‘चलता है’ एटीच्यूड से बाहर नहीं निकल पा रहा था। बकौल मुकुल संगमा, ‘टीएमसी हमारी पहली पसंद थी। वो ‘चलता है’ वाले रवैये से बाहर हैं, उनमें लड़ने की प्रतिबद्धता है, जो बंगाल चुनाव में उसने साबित किया था। प्रशांत किशोर से मेरी मुलाकात हुई, तब वो कांग्रेस के इनर सर्किल में थे। उन्होंने दो विकल्प दिए, या तो अपने साथियों के साथ कांग्रेस में रहिए, या फिर तृणमूल में शामिल हो जाइए। हमने बिना ममता बनर्जी से मिले रिक्वेस्ट भेज दी, जो उन्होंने स्वीकार कर लिया।’

प्रशांत किशोर को जब भी देखता हूं, उस प्रसिद्ध लोकोक्ति की याद आ जाती है, ‘जंह-जंह चरण पड़े संतन के तंह-तंह बंटाधार।’ 1 मार्च 2019 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्विट किया कि मैं प्रशांत किशोर को प्रधान सलाहकार के रूप में नियुक्त कर प्रसन्न हूं। जो लोग करोड़ों के पैकेज लेते हैं, वो उनकी नियुक्ति संबंधी सूचना पढ़कर हैरान हुए। पंजाब सरकार से केवल एक रुपए प्रति महीने। यह एक रुपए की नौकरी देनी कैप्टन अमरिंदर सिंह को कितनी महंगी पड़ी, वह आने वाले दिनों में पार्टी की सद्गति को देखकर स्पष्ट हो जाती है। पांच अगस्त 2021 को प्रशांत किशोर ने प्रधान सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद के तीन महीनोें में कांग्रेस में जो कपड़ा फाड़ो कार्यक्रम हुआ, पूरे देश ने देखा। 2 नवंबर को जिन परिस्थितियों में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और दशकों पुराना नाभि-नाल का रिश्ता काट डाला, वह आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की राह कतई आसान करती नहीं दिखती है।

इन सबके रचयिता प्रशांत किशोर नहीं तो कौन थे? प्रशांत किशोर के पैंतरों को दो लोग भली-भांति पहचानते हैं, पहला प्रधानमंत्री मोदी और दूसरा नीतीश कुमार। बिहार के जिन युवाओं ने प्रशांत किशोर से परिवर्तन की आशा लेकर ‘इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी’ और ‘बिहार विकास मिशन’ ज्वाइन किया था, वो भी गच्चा खा गए। दरअसल, प्रशांत किशोर ने बिहार के युवाओं को 2015 के चुनाव में जदयू की चुनावी झोली में डाल देने का उपक्रम किया था। उस बारीकी को बहुत बाद में कुछेक लोग समझ पाए। प्रशांत किशोर की बातों पर जो लोग भरोसा करते हैं, उन्हें कुछ संदर्भों की पड़ताल कर लेनी चाहिए। 9 सितंबर 2018 को हैदराबाद के इंडियन बिजनेस स्कूल में प्रशांत किशोर ने कहा था कि मैं 2019 में किसी भी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार नहीं करूंगा। मुझे जमीनी स्तर पर कुछ करना है, तो बिहार या गुजरात में कुछ करूंगा। मैं पिछले चार-पांच वर्षों से राजनीतिक दलों के लिए कैंपेन करता रहा, अब मुझे ‘इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी’ को भी किसी ‘सुरक्षित हाथ’ में सौंपकर ग्रासरूट लेबल पर कुछ करना है। तब उनकी ‘ठेकेदारी’ जगनमोहन रेड्डी के यहां चल ही रही थी।

हैदराबाद में ज्ञान देने के ठीक एक हफ्ते बाद, 16 सितंबर 2018 को प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के यहां सलाहकार पद को ज्वाइन किया और कैबिनेट का ओहदा प्राप्त किया था। लगभग पांच साल नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर की सेवाएं प्राप्त कीं। प्रशांत किशोर ‘सीएए-एनआरसी’ पर पवन वर्मा के साथ बोकराती झाड़ रहे थे। 5 अगस्त 2020 को दोनों को ‘गुडलक’ बोलकर नीतीश ने अपना पिंड छुड़ा लिया। नीतीश बिना अपना नुकसान किए प्रशांत किशोर से मुक्ति पा गए, एक बार फिर लालू यादव का जुमला सही साबित हुआ कि इस शख्स की अंतड़ी में दांत है।
एक बात तो मानकर चलिए, भारतीय पॉलिटिकल सिस्टम को अफरातफरी वाली स्थिति में पहुंचाने के वास्ते पी.एचडी. या डी.लिट. तक उच्च शिक्षित होने की जरूरत नहीं है। आपका रिसर्च वर्क मजबूत होना चाहिए, जमीनी सच को समझने और राजनीति की सडांध सूंघने की सामर्थ्य होनी चाहिए। यह तीनों गुण प्रशांत किशोर में रहे हैं। बिहार के बक्सर से सेकेंड्री स्कूल पास करने वाले प्रशांत किशोर ने हैदराबाद के किस इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई की, या उनकी डिग्री पूरी भी हुई? इस सवाल का उत्तर उनके शैदाई भी नहीं देते। प्रशांत किशोर को ‘पीजी डिप्लोमा इन पब्लिक हेल्थ’ के बाद यूएन के किसी प्रोग्राम में रिसर्च करने का अवसर मिलता है, जिसमें गुजरात में आंकड़े जुटाने का काम उन्हें मिला था। 2011 में शोध के सिलसिले में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात होती है, मोदी उनकी विश्लेषण वाली क्षमता से इतने प्रभावित हुए कि तीसरी दफा एलेक्शन जीतने के वास्ते प्रशांत किशोर की सलाह ले डाली। प्रशांत किशोर ने उन दिनों ‘सिटीजन फॉर अकाउंटेबल गर्वनेंस’ नामक ग्रुप का गठन किया, और चाहा कि बीजेपी इसे गोद ले ले। वहां से इंकार के बाद प्रशांत किशोर इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) बनाई और बीजेपी से दिखावे के लिए दूरी बना ली।

प्रशांत किशोर के बारे में एक मिथक बन गया है कि वो जिस दल के रणनीतिकार होते हैं, चुनाव में उसकी बल्ले-बल्ले हो जाती है। ऐसा कुछ हुआ भी। मई 2017 में वाईएस जगन मोहन रेड्डी के राजनीतिक सलाहकार बने। आई-पैक ने चुनावी रणनीति डिजाइन किया। ‘प्रजा संकल्प यात्रा’, ‘अन्ना पिलुपू’, ‘समर संखरवम’ हिट कर गया, और 2019 में 175 सीट वाली आंध्र विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को 151 सीटें मिलीं। पीके 2020 के दिल्ली चुनाव में भी केजरीवाल के सारथी रहे, और उन्हें 70 में से 62 सीटों पर सफलता दिलाई। 2020 में बिहार और 2021 में पश्चिम बंगाल। जिस खेमे में प्रशांत किशोर, सफलता ही सफलता। बस एक बार मिल तो लें। ऐसी आइकॉनिक छवि पिछले दो दशकों में शायद ही किसी चुनावी रणनीतिकार को हासिल हुई है। मगर ऐसा था भी, तो 2017 के उत्तर प्रदेश चुनाव में रणनीतिकार प्रशांत किशोर के रहते कांगे्रस को मात्र सात सीटें क्यों आई थीं? कांग्रेस आलाकमान यदि बार-बार छाछ समझकर मुंह जलाने की कवायद में है, तो उसका भला कोई नहीं कर सकता। 2 मई 2021 को प्रशांत किशोर ने आई-पैक छोड़ने का इरादा पत्रकारों से व्यक्त किया था। बंगाल चुनाव में उनकी सटीक भविष्यवाणी ने प्रशांत के कारोबारी लक्ष्य को मजबूत किया इससे इंकार नहीं कर सकते। आज की तारीख में प्रशांत किशोर टीएमसी के लिए काम कर रहे हैं, या कांग्रेस के लिए, यह समझना 10 जनपथ के लिए यदि पहेली है, तो इतनी बड़ी ऐतिहासिक पार्टी क्यों संभाल रही हैं सोनिया गांधी? यह सवाल तो बनता है।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद लुईजिन्हो फलेरियो पूर्वोत्तर के सात राज्यों में कांग्रेस के पार्टी प्रभारी रहे हैं। 29 सितंबर 2021 को अपने साथियों के साथ फलेरियो भी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। ममता बनर्जी गोवा गई, उस अवसर पर नफीसा अली ने टीएमसी ज्वाइन कर लिया। नफीसा अली ने ताउम्र कांग्रेस में रहने का संकल्प किया था। दोनों अवसरों पर जो फोटोऑप हुए, पीके कहीं नजर नहीं आए। मगर, लुईजिन्हो फलेरियो ने स्वीकार किया था कि उनकी प्रशांत किशोर से कई बार गुफ्तगू हुई थी। प्रशांत किशोर ने लखीमपुर खीरी के हवाले से राहुल-प्रियंका पर तंज करते हुए कांग्रेस की संगठनात्मक कमजोरी पर 8 अक्टूबर 2021 को जो ट्विट किया था, उससे उनकी नीयत साफ हो गई थी। तो क्या पीके वही कर रहे हैं, जो पीएम मोदी चाह रहे हैं? मिशन कांग्रेस मुक्त भारत !

(कई देशी-विदेशी मीडिया हाउस में काम कर चुके लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। संंप्रति ईयू-एशिया न्यूज के नई दिल्ली संपादक।)
नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।