द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच एक बात ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। वो थी योग गुरू बाबा रामदेव और इंडियन मेडिकल एसोसिएसन के बीच का विवाद। इस विवाद ने सोशल मीडिया से लेकर चाय की टपरी और मेनस्ट्रीम मीडिया तक खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। डॉक्टर्स डे के मौके पर पीएम मोदी ने आईएमए से कहा कि वे योग पर रिसर्च करें। इससे दुनिया योग को गंभीरता से लेगी।
पीएम ने आईएमए से योग पर स्टडी को कहा
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से कहा है कि वे योग के फायदों को लेकर शोध करें। पीएम ने कहा है कि यदि डॉक्टर्स योग पर शोध करते हैं तो दुनिया इसे गंभीरता से लेगी। पीएम ने कहा कि क्या आईएमए ऐसी स्टडी को मिशन मोड में आगे बढ़ा सकता है। प्रधानमंत्री ने इस दरम्यान कोरोना महामारी में लोगों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवाने वाले चिकित्सकों को श्रद्धांजलि भी दी।
पीएम ने डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों की तारीफ की
पीएम मोदी ने डॉक्टर्स को संबोधित करते हुए कहा कि कई आधुनिक मेडिकल साइंस संस्थान इस बात पर स्टडी कर रहे हैं कि कोरोना संक्रमित होने के बाद कैसे योग लोगों को उबरने में मदद कर सकता है। पीएम ने डॉक्टरों की तारीफ करते हुए कहा कि चिकित्सकों के ज्ञान और अनुभव के चलते कोरोना वायरस से लड़ने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने हेल्थ सेक्टर के बजट को भी दोगुना कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का कहना है कि कोरोना महामारी में 1500 से भी ज्यादा डॉक्टरों की मौत हो गयी।
बाबा रामदेव ने डॉक्टर्स पर दिया था विवादित बयान
दरअसल कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा था कि एलोपैथी लोगों को केवल लूट रही है। उन्होंने कहा था कि एलोपैथी के पास किसी भी बीमारी का संपूर्ण इलाज नहीं है। योगगुरु बाबा रामदेव ने यहां तक कह दिया था कि कोरोना महामारी में ही 1000 से अधिक चिकित्सकों की जान गई है। जो लोग कोरोना से खुद की जिंदगी नहीं बचा सकते वे दूसरों की जिंदगी क्या बचाएंगे। इस बयान पर काफी बवाल हो गया था। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर बाबा रामदेव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीएम के बयान पर आईएमए के पूर्व अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
इधर पीएम मोदी के बयान के बाद आईएमए के पूर्व अध्यक्ष ड़ॉ. विनय अग्रवाल का कहना है कि इसमे कोई मतभेद नहीं है। हमारी योग से कोई नाराजगी नहीं है। योग इंस्टीट्यूट बनाए गए हैं। योग को नई साइंस का दर्जा तक दिया गया है। आयुष मिनिस्ट्री भी है। उन्होंने कहा कि हम सब लोग साथ हैं। सरकार को इसमें और फंड आवंटित करके प्रमोट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की है।