logo

हर घर टीका, घर-घर टीका: वैक्सीनेशन में तेजी के लिए धर्मगुरुओं की लें मदद: PM

हर घर टीका, घर-घर टीका: वैक्सीनेशन में तेजी के लिए धर्मगुरुओं की लें मदद: PM

द फॉलाेअप टीम, दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैक्सीनेशन में तेजी के लिए धर्मगुरुओं से मदद लेने की अपील की है। उन्होंने आज ‘हर घर टीका, घर-घर टीका’ अभियान की शुरुआत की। वहीं कोरोना वैक्सीनेशन का कवरेज जिन जिलों में कम हुआ है, वहां के डीएम, कलेक्टर के साथ बैठक में  प्रधानमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन के काम में महिलाएं भी जी-जान से जुटी हुई हैं। पुलिस में कार्यरत महिलाओं का भी सहयोग लिया जाए। बहुत जल्दी परिणाम मिलेगा। उनके शब्द,  'मैं चाहता हूं कि आपके जिले राष्ट्रीय औसत से भी आगे निकल जाएं। मैं जानता हूं कि आपके सामने एक चुनौती अफवाह और भ्रम भी है। इसका बड़ा समाधान है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जाए। आप स्थानीय धर्मगुरुओं को जोड़ें, उनके वीडियो बनाएं, उनके वीडियो घर तक पहुंचाएं। वैक्सीनेशन पर धर्मगुरुओं के संदेश को भी हमें जनता तक पहुंचाने पर जोर देना होगा। अभी कुछ दिन पहले हमारी  वेटिकन में पोप फ्रांसिस से मुलाकात हुई थी। वैक्सीनेशन के प्रति वह भी काफी गंभीर हैं।'

 

पीएम मोदी ने कहा कि पहली डोज के साथ-साथ दूसरे डोज पर भी उतना ही ध्यान देना होगा। क्योंकि जब केस कम होने लगते हैं तो लोगों को लगता है कि इतनी भी क्या जल्दी है। हमें किसी भी हालत में लोगों की सोच को धीमा नहीं होने देना है। इस सोच की वजह से दुनिया के कई देशों में फिर से कोरोना की खबरें चिंता पैदा कर रही हैं. हम इसे स्वीकार नहीं कर सकते। इसलिए टीके की दोनों डोज तय समय पर लगना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपके क्षेत्र में जिन लोगों को तय समय तक दोनों डोज नहीं लगी है, उनसे संपर्क करना होगा और लगानी होगी। उन्होंने कहा कि मुफ्त वैक्सीन अभियान के तहत हम एक दिन में 2.5 करोड़ डोज लगाकर अपना सामर्थ्य दिखा चुके हैं। टीके को घर-घर पहुंचाने के लिए जो भी सप्लाई चेन की जरूरत है।पीएम मोदी ने कहा कि 100 साल की सबसे बड़ी महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया है। कोरोना से देश की लड़ाई में एक खास बात यह भी रही कि हमने नये-नये समाधान खोजे। इन्नोवेटिव तरीके आजमाएं। आपको भी अपने जिलों में वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए नये-नये तरीके अपनाने होंगे। 

कोरोना को हराने के लिए देश में युद्धस्तर पर चलाये गये टीकाकरण अभियान के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री का आभार जताया है। कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 100 करोड़ टीकाकरण पूर्ण होने के बाद अब संपूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य को नई गति देने के लिए सरकार ने ‘हर घर दस्तक’ अभियान की शुरुआत की है।