द फॉलोअप टीम, लखीमपुर खीरी:
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी में हैं। नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी के निघासन इलाके में हिंसा में मारे गये पत्रकार रमन कश्यप के आवास पर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की मांग है कि मामले में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा की शीघ्र गिरफ्तारी हो। जब तक आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी नहीं हो जाती उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। यूपी पुलिस उनको मनाने की कोशिशों में लगी है।
राहुल-प्रियंका कर चुके हैं दौरा
गौरतलब है कि इससे पहले प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने भी पत्रकार रमन कश्यप के आवास का दौरा किया था और परिवार के लोगों से मुलाकात कर सांत्वना दी थी। इससे पहले छत्तीसगढ़ और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गये किसानों और पत्रकार के आश्रितों के लिए 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शनिवार को सुबह आशीष मिश्रा ने क्राइम ब्रांच के लखीमपुर कार्यालय में हाजिरी लगाई।

3 अक्टूबर को लखीमपुर में भड़की थी हिंसा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रविवार 3 अक्टूबर को यूपी के लखीमपुर जिला स्थित तिकुनिया बस्ती में हिंसा भड़की थी। हिंसा में 8 लोगों की जान चली गई थी। मरने वालों में 4 किसान, 1 चालक, 1 पत्रकार और 2 लोग बीजेपी के कार्यकर्ता थे। आरोप है कि केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा के काफिले में शामिल गाड़ी प्रदर्शन कर लौट रहे किसानों पर चढ़ा दी गई थी। इस घटना के बाद वहां हिंसा भड़की। यूपी सरकार घटना के बाद से ही कानून-व्यवस्था के मसले पर चौतरफा घिरी है। कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियां योगी सरकार पर हमलावर है।

विपक्ष के निशाने पर है योगी सरकार
गौरतलब है कि बीते सोमवार को तड़के प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जाने के लिए निकलीं लेकिन उनको सीतापुर में रोक लिया गया था। 20 घंटे से भी ज्यादा वक्त तक हिरासत में रखने के बाद उनको मजिस्ट्रेट के पास पेश किया गया और फिर रिहा कर दिया गया। राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस की। योगी सरकार पर निशाना साधा। इस बीच योगी सरकार ने राहुल और प्रियंका सहित कुल 4 लोगों को लखीमपुर जाने की इजाजत दी। इस बीच अखिलेश यादव को उनके लखनऊ स्थित आवास पर ही हिरासत में लिया गया, हालांकि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव किसी तरह लखीमपुर खीरी पहुंचने में कामयाब रहे। झारखंड से भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ शीर्ष नेताओं का दल लखीमपुर खीरी जाने को निकला था लेकिन उनको बॉर्डर पर ही रोक दिया गया।