logo

IPL 2021: पंजाब किंग्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से, जानिए! किसका पलड़ा भारी

7526news.jpg
द फॉलोअप टीम, मुंबई:

इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार की शाम दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। दोनों ही टीमों को अपने पिछले लीग मैच में हार मिली थी। पंजाब और दिल्ली अपनी पिछली हार को भुलाकर जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। पंजाब किंग्स को जहां चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था तो वहीं राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को पटखनी दी थी। 

राजस्थान से हार गयी थी दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स ने अपना पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेला था। टीम के युवा कप्तान ऋषभ पंत ने बढ़िया कप्तानी की थी। उस मैच में ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर सीएसके को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया और फिर दिए गए 188 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था। उस मैच में दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने शानदार अर्धशतक लगाया था। कप्तान ऋषभ पंत भी बढ़िया खेले थे। हालांकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में टीम बिखरी नजर आई थी। 

टीम को बल्लेबाजी में भी करना होगा सुधार
दिल्ली कैपिटल्स ने अपना दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स अपना पिछला प्रदर्शन नहीं दोहरा सकी। सलामी बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और शिखर धवन सस्ते में पवेलियन लौट गए। बीच में ऋषभ पंत ने जरूर राजस्थान के गेंदबाजों के खिलाफ हाथ खोला लेकिन वे दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। आखिरी में मार्कस स्टायनिस ने जरूर तेज पारी खेलने की कोशिश की लेकिन वो नाकाफी था। टीम को हार झेलनी पड़ी। दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश होगी कि वो अपनी कमियां सुधार कर वापसी करे और प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत करे। संभावित अंतिम ग्यारह कुछ इस प्रकार है। देखिये। 

संभावित एकादश: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, मार्कस स्टोइनिस, ललित यादव, क्रिस वोक्स, कैगिसो रबाडा, आर अश्विन, अनन्या नॉर्मन और अवेश खान। टीम को इनसे बढ़िया खेल की उम्मीद होगी। 

सीएसके के खिलाफ बिखरी पंजाब की बैटिंग
पंजाब किंग्स ने अपना पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान केएल राहुल, क्रिस गेल और दीपक हुड्डा की पारियों की बदौलत 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था। बदले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने शतकीय पारी खेली। जिस पंजाब की टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था वो सीएसके के खिलाफ बिखर गयी। टीम के टॉप चार बल्लेबाज महज 30 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। 

युवा बल्लेबाज शाहरुख खान की बदौलत टीम किसी तरह 100 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। टीम को अपनी बल्लेबाजी पर काम करना होगा। टीम के संभावित अंतिम ग्यारह की बात की जाये तो वो इस प्रकार है। टीम वापसी करना चाहेगी। 

संभावित एकादश: केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, दीपक हुड्डा, निकोलस पूरन, शाहरुख खान, झे रिचर्डसन, मुरुगन अश्विन, क्रिस जॉर्डन / रिले मेरेडिथ, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह