logo

Tokyo Olympics 2020: गुरुवार का दिन भारत के लिए सुखद, सिंधू क्वार्टर-फाइनल में, अतनु ने भी जगाई पदक की उम्मीद

11295news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय शटलर पीवी सिंधू का विजयी अभियान लगातार जारी है। गुरुवार की सुबह पीवी सिंधू ने डेनमार्क की मिया को हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। गौरतलब है कि पीवी सिंधू ने मिया ब्लिचफेल्ट को प्री क्वार्टरफाइन मुकाबले में 21-15, 21-13 से हराया। गौरतलब है कि विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क की मिया के खिलाफ छह मैचों में सिंधू की ये पांचवीं जीत है। पीवी सिंधू का टोक्यो ओलंपिक्स में शानदार खेल जारी है। सिंधू से देश को ओलंपिक्स में गोल्ड की उम्मीद है। 

पुरुष हॉकी टीम का विजयी अभियान जारी
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का भी विजयी अभियान जारी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को पुल ए मैच में 3-1 से हराया। भारतीय टीम चार मैचों में तीन जीत और एक हार के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही। टीम को एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली। इसके अलावा टीम ने न्यूजीलैंड, जर्मनी और स्पेन को हराया है। भारतीय मुक्केबाजी में भी पदक की उम्मीद है। पूजा रानी ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। एक औऱ मैच जीतते ही पूजा का पदक पक्का हो जाएगा। 

तीरंदाजी में अतनु दास ने जगाई पदक की उम्मीद
तीरंदाजी में अतनु दास से देश को पदक की उम्मीद है। व्यक्तिगत स्पर्धा में अतनु दास ने ये उम्मीद बरकरार भी रखी है। अतनु ने गुरुवार को साउथ कोरिया के तीरंदाज ओह-जिन ह्येक को शुटऑफ में हराया और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दिग्गज मुक्केबाज मैरीकॉम आज 51 किलो वर्ग में दावा पेश करेंगी। उनकी जीत की संभावना प्रबल है। मैरीकॉम ओलंपिक पदक का रंग बदलने के इरादे से रिंग में उतरेंगी। अनिर्बान लाहिड़ी और उदयन माने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक में गोल्फ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। गोल्फ में 60 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे और कट लागू नहीं होगा। लाहिड़ी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। 

गुरुवार को भारतीय एथलिट्स की अच्छी शुरुआत
पुरुष मुक्केबाजी में सतीश कुमार प्री क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सतीश ने जमैका के रिकॉर्डो को हराया। टोक्यो ओलंपिक्स 2020 में गुरुवार का दिन भारत के लिए काफी अच्छा रहा। सिंधू, अतनु सहित भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत हासिल की।