द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
लखीमपुर खीरी मामले में पूरे देश की राजनीति इस वक्त गर्म है। कांग्रेस लगातार पीड़ितों के पक्ष से आवाज उठा रही है। वहीँ आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में उनके एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इस मामले में ज्ञापन सौंपा। राहुल गांधी ने कहा है 'हम लखीमपुर खीरी में जिन परिवारों के सदस्यों को कुचला गया उनसे बात की। वो न्याय चाहते हैं। वो चाहते हैं कि जिस व्यक्ति ने ये हत्या की है उसे सजा मिले। जिसने ये हत्या की है उसके पिता गृह राज्य मंत्री हैं। जब तक वो अपनी पोस्ट पर हैं तब तक उन किसानो को न्याय नहीं मिल सकता।'

राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया
इस मामले में प्रियंका गांधी ने कहा, राष्ट्रपति ने हमें आश्वासन दिया है कि वे इस मामले पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से कहा कि आरोपी के पिता जो गृह राज्य मंत्री हैं, को पद से हटा देना चाहिए क्योंकि वह रहे तो निष्पक्ष जांच नहीं हो पायेगी। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दो मौजूदा जजों से भी जांच कराने की मांग की है। बता दें कि, कांग्रेस के इस 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी के अलावा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता एके एंटनी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल है।

आठ लोगों की मौत हुई थी
बता दें कि लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई थी।इस मामले में अजय मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आशीष को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस अजय कुमार मिश्रा की इस्तीफा की मांग कर रहा है। कांग्रेस कह रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने इस मंत्री को हटाने में एक मिनट का भी समय नहीं लगाना चाहिए।