logo

जनता के हक और अधिकार की लड़ाई का नेतृत्व ही विपक्ष का मूल कर्तव्य : सुदेश महतो

10483news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची : 
आजसू पार्टी के रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में सभी जिला प्रभारियों एवं जिलाध्यक्षों की बैठक केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें संघर्षशील, गतिशील और चिंतनशील होना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीति के दो ही पहलू होते हैं। सत्ता और संघर्ष ही हमारी पहचान है। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने सामाजिक एवं राजनीतिक दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने की सलाह दी। सुदेश ने कहा कि हमें जनता की आवाज़ बनना होगा। जनता के हक और अधिकार की लड़ाई का नेतृत्व करना ही विपक्ष का मूल कर्तव्य है। बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, गिरिडीह सांसद एवं वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, विधायक सह पार्टी के महासचिव लम्बोदर महतो, पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, पार्टी की संगठन सचिव शालिनी गुप्ता, पूर्व विधायक सह पार्टी के उपाध्यक्ष अक़ील अख्तर एवं कुशवाहा शिवपूजन मेहता, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय प्रवक्ता मनोज सिंहा, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी तथा सभी जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष उपस्‍थित थे।

इन बातों पर हुई बैठक में चर्चा 
बैठक में प्रखंड स्तर तक पार्टी संगठन के पुर्नगठन एवं विस्तार, सदस्यता अभियान पुनरारंभ, वर्तमान सरकार के कामकाज की समीक्षा, पार्टी के भावी कार्यक्रमों पर चर्चा, पंचायत एवं नगर इकाई चुनाव के लिए पार्टी की तैयारी, कोरोना संक्रमण और उससे उपजी समस्याओं पर मंथन एवं कोरोना से मरनेवालों के परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन की रुपरेखा तय करने और टीकाकरण जागरूकता अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी।

बैठक में लिए गए ये महत्वपूर्ण निर्णय 
-15 जुलाई तक राज्य के सभी प्रखंड में प्रखंड समिति का पुनर्गठन एवं विस्तार कर लिया जाएगा एवं प्रखंड स्तर पर सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
-झामुमो महागठबंधन की सरकार ने चुनाव से पहले कई वादे किए थे, जिसमें पिछड़ों को आरक्षण देने की बात कही गयी थी। आज सरकार अपना डेढ़ साल पूर्ण कर चुकी लेकिन इस विषय पर कोई चर्चा तक नहीं हुई। आजसू पार्टी 8 अगस्त यानी निर्मल महतो के शहादत दिवस पर हर प्रखंड में सामाजिक न्याय मार्च की शुरुआत करेगी और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपेगी।
-आजसू पार्टी 9 अगस्त को पूरे प्रदेश में विश्व आदिवासी दिवस मनाएगी
-15 सितंबर तक प्रत्येक जिला में जिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यशाला में केंद्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। 
-15 सितंबर से पहले सभी जिला में जिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यशाला में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
-कोरोना से मरनेवालों का डाटा इकठ्ठा कर, उनके परिवारवालों के हक और अधिकार के लिए लड़ाई लड़ेगी आजसू पार्टी
-आजसू पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के सम्बंधित विभाग के मंत्री से मिलकर 2021 की जनगणना में ओबीसी के आंकड़ों को सुनिश्चित करने के लिए पत्र सौंपेगी।
-हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही झारखंड सरकार, संपदा दोहन के खिलाफ पार्टी जल्द ही जोरदार आंदोलन करेगी।