द फॉलोअप टीम, रांची
संसद में पारित कृषि विधेयकों के खिलाफ देशभर में विरोध जारी है। इस बीच कृषि बिलों के खिलाफ छिड़े आंदोलन में शामिल होने के लिए कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर मंत्री बन्ना गुप्ता और विधायक अम्बा प्रसाद समेत कई मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।
'सरकार के कामकाज की भी समीक्षा होगी'
आरपीएन सिंह मीडिया से कहा कि लॉकडाउन के चलते काफी लंबे अरसे के बाद झारखंड आने का मौका मिला है। सरकार के कामकाज के साथ ही संगठन के कार्यां की भी समीक्षा होगी। विधायकों से भी बात कर उनके क्षेत्र की समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं के समाधान की भी बात कही।
फिर जमींदारी प्रथा थोपने की कोशिश: आरपीएन सिंह
उन्होंने कहा कि कृषि विधेयकों के विरोध में राजधानी रांची में 28 सितंबर को मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा से राजभवन तक मार्च का आयोजन किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जिस जमींदारी प्रथा को कांग्रेस पार्टी ने खत्म करने का काम किया था, उसी जमींदारी प्रथा को देश में एक बार फिर से थोपने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने पूंजीपति मित्रों की सहायता के लिए देश के किसानों पर ये बिल लाकर हमला बोला है। इस काले कानून से किसान पूरी तरह से तबाह हो जाएंगे। इस बिल से करोड़ों लोगों के सामने बेरोजगारी का संकट उत्पन्न हो जाएगा। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इसके खिलाफ गोलबंद हो चुका है और किसान के सहयोग से इस कानून को वापस लेने के लिए केंद्र सरकार को मजबूर कर दिया जाएगा।
मोरहाबादी मैदान से राजभवन मार्च
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि कल सुबह साढ़े 10 बजे से पार्टी कार्यकर्ताओं का मोरहाबादी मैदान में स्थित बापू की प्रतिमा के निकट एकत्रित होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। बापू की प्रतिमा के समक्ष धरना के बाद फिर वहां से राजभवन मार्च किया जाएगा। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग का सख्ती से पालन किया जाएगा। पूरे शहर में बैनर, पोस्टर, झंडा और कट आउट लगाए गये हैं।
जिलों के किसान प्रतिनिधि भी मार्च में होंगे शामिल
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राजभवन मार्च में पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख के अलावा विधायक-सांसद शामिल होंगे। इसके अलावा सभी जिलों के किसान प्रतिनिधि भी मार्च में मौजूद रहेंगे।
'उपचुनावों में यूपीए की जीत होगी !'
बेरमो और दुमका विधानसभा उपचुनाव के संबंध में पूछे गये सवाल में आरपीएन सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव लगातार बेरमो का दौरा कर रहे हैं। वहीं सहयोगी दल जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका विधानसभा उपचुनाव की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दोनों ही सीटों पर यूपीए प्रत्याशी की जीत होगी।