द फॉलोअप टीम, जयपुर:
राजस्थान सरकार में मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बुरे फंसे हैं। उन्होंने ऐसा विवादित बयान दिया कि उगलते बन रहा है ना निगलते। उनका ये विवादित बयान सोशल मीडिया में खूब वायरल है। लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे है। वैसे तो मामला मंगलवार का है लेकिन सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद अब बयान पर चर्चा छिड़ गयी है।
कटरीना कैफ के गाल से सड़क की तुलना
वायरल वीडियो में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा कहते नजर आ रहे हैं कि प्रदेश की सड़कें कटरीना कैफ की गाल की तरह बननी चाहिए। उन्होंने झुंझनू जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। मंच पर मंत्री और अधिकारी हैं। नीचे जनता है। आगे अधिकांश संख्या में पुरुष बैठे हैं। जैसे ही मंत्री कहते हैं कि सड़कों को कटरीना कैफ की गाल की तरह बनाना चाहिए तो लोग ठहाका लगाते हैं।

झुंझनू की जनसभा में बिगड़े मंत्रीजी के बोल
वैसे तो राज्य सरकार द्वारा जिला मुख्यालयों या जिला को प्रखंड मुख्यालयों तक जोड़ने के लिए जो सड़के बनाई जाती हैं वो किसी से छिपा नहीं है। सरकार वादा भी करती है कि सड़कें मक्खन जैसी चिकनी होगी। हालांकि मक्खन जैसी सड़कें अक्सर किचड़ में लिपटी नजर आती हैं। इससे ज्यादा वादा क्या किया जा सकता था। ऐसे में मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने एक कदम आगे निकलते हुए कह दिया कि सड़कें कटरीना कैफ के गाल की तरह बनना चाहिए। वैसे महिला सुरक्षा या महिला सम्मान पर मंत्रीजी के विचार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
#WATCH | "Roads should be made like Katrina Kaif's cheeks", said Rajasthan Minister Rajendra Singh Gudha while addressing a public gathering in Jhunjhunu district (23.11) pic.twitter.com/87JfD5cJxV
— ANI (@ANI) November 24, 2021
लालू प्रसाद यादव भी दे चुके हैं ऐसा बेतुका बयान
वैसे ये पहली बार नहीं है जब किसी मंत्री ने सड़कों की तुलना किसी अभिनेत्री के गाल से की हो। इस फेहरिस्त में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का नाम भी शामिल है। कुछ साल पहले वे भी बिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सड़कों की तुलना अभिनेत्री के गाल से कर चुके हैं। लालू प्रसाद ने जनसभा को संबोधित करते हुए तब कहा था कि बिहार की सड़कें हेमा मालिनी के गाल की तरह होंगी। उनको माफी मांगनी पड़ी थी।